
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। जिले के बलकवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पानवा के सिर्वी मोहल्ला की एक विधवा महिला के साथ मारपीट, अश्लील व्यवहार व प्रताड़ना का मामला सामने आया है। बलकवाड़ा थाने की खलटांका चौकी पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई न करने के आरोप लगाते हुए पीड़ित महिला शुक्रवार को अपने गांव के अन्य लोगों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में 45 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि 20 अक्टूबर की तड़के लगभग चार बजे गांव के सरपंच पन्नालाल पिता पहाड़सिंग और प्रदीप पिता प्रकाश भाबर उनके घर पहुंचे और अभद्र व्यवहार करते हुए बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि संबंधित ने उन्हें जबरन घसीटकर पीटा, उनके कपड़े फाड़ दिए और अश्लील व अपमानजनक व्यवहार करते हुए पूरे गांव में निर्वस्त्र घुमाने और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता का कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने बलकवाड़ा थाने की खलटांका चौकी पहुंचकर आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस ने उनकी वास्तविक शिकायत के आधार पर रिपोर्ट नहीं लिखी। साथ ही दुर्व्यवहार की गंभीरता को नजरअंदाज कर मनमाने तरीके से आधी-अधूरी कार्रवाई की।
यह भी पढ़ें- इंदौर के 27 गांवों के लिए खुशखबरी, इंदौर-राघौगढ़ राजमार्ग पर बने 19 अंडरपास, डेढ़ महीने में पूरा होगा काम
पुलिस चौकी से न्याय न मिलने और लगातार भय के माहौल के कारण वह ग्रामीणों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची। उन्होंने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बलकवाड़ा थाने की रिपोर्ट में सुधार कर कठोर धाराओं में मामला दर्ज करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की है।
इस मामले में खलटांका चौकी प्रभारी मिथुन चौहान ने कहा कि महिला की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संबंधित को नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है।