
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : बाणगंगा थाना क्षेत्र के कुम्हारखाड़ी में रावण दहन का कार्यक्रम उस वक्त विवाद में बदल गया, जब आतिशबाजी के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आ गए एक दूसरे पर हमला करने लगे। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने दोनों पक्षों को बाउंड ओवर भी किया है।
टीआई सियाराम सिंह गुर्जर के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे दुर्गा माता मंदिर के पास हुई। मनोज पुत्र इंद्रपाल वर्मा यहां गरबा मंडल का आयोजन करते हैं। रावण दहन से पहले अतिथियों का स्वागत किया जा रहा था और फ्लावर फायर मशीन से आतिशबाजी हो रही थी। इसी दौरान अरविंद उर्फ भैय्या ने विवाद करते हुए फ्लावर फायर मशीन चलाने वाले को पकड़ लिया। अरविंद की मंदिर के पास पूजन सामग्री की दुकान है।
मनोज का आरोप है कि वह अरविंद से बात करने पहुंचे तो उसकी मां पार्वती, साथी दिलीप कश्यप और विशाल कश्यप ने हमला कर दिया। इसमें मनोज सहित स्वपन साहू, स्वयं साहू, अमन यादव और गौरव तिवारी घायल हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष के दिलीप ने मनोज और उसके साथियों स्वपन, स्वयं व महेश सहित अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंदौर। खुड़ैल पुलिस ने मंगलवार को खेतों की छानबीन की और एक खेत में गांजे की खेती पकड़ ली। किसान के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार नाहर झाबुआ निवासी सुरेश डेमा सोलंकी का खेत है। फसल के बीच में गांजे के पौधे भी उगा देता था। बाहर से खरीदने वाले आते थे। मंगलवार को एसआइ योगेंद्र शर्मा ने दबिश देकर 35 पौधे जब्त कर लिए।
यह भी पढ़ें- इंदौर के पशुपतिनाथ मंदिर में गाली-गलौज और मारपीट, जान से मारने की भी धमकी, आरोपी पर केस दर्ज