
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : बुधवार दोपहर में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एयरपोर्ट के पास निर्माणाधीन टनल का निरीक्षण किया। यहां पर जमीन के 20 मीटर नीचे टनल बोरिंग मशीन नर्मदा द्वारा अब तक 90 मीटर लंबी सुरंग तैयार की गई।
मंत्री विजयवर्गीय मेट्रो के अधिकारियों के साथ टनल में उतरे और मौका मुआयना भी किया। वो करीब एक घंटे तक मेट्रो के अधिकारियों के साथ रहे और वहां मौजूद कर्मचारियों को उन्होंने मिठाई भी खिलाई। मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि जमीन की नीचे 14 से 20 मीटर गहराई में सुरंग का निर्माण हो रहा है। इस दौरान वाइब्रेशन भी होता है लेकिन मेट्रो की सुरंग निर्माण की तकनीक इतनी बेहतर है कि जमीन के ऊपर बने बने मकानों व सड़क पर चलने वाले लोगों को पता भी नहीं चल रहा है।
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि आधुनिक टनल बोरिंग मशीन से सुरंग का निर्माण किया जा रहा है। इस मशीन से एक दिन में 11 रिंग तैयार की जा रही है। सुरंग के लिए खोदाई के साथ प्री कास्ट के रिंग स्ट्रक्चर भी तैयार हो रहा है। इंदौर में एचसीसी-टाटा कंपनी द्वारा आधुनिक एडवांस टनल बोरिंग मशीन को उपयोग किया जा रहा है। इस मशीन से अगले दो साल में भूमिगत मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए टनल तैयार होगी।

मल्हारगंज में बन रहे मेट्रो स्टेशन के सामने नर्मदा लाइन शिफ्टिंग का काम चल रहा है। -नईदुनिया
मल्हारगंज थाने के पास छोटा गणपति मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य जारी है। इस हिस्से में छिपा बाखल से छोटा गणपति मंदिर की ओर जा रही 110 मीटर हिस्से में 250 एमएम की दो नर्मदा जल वितरण पाइप लाइनों को शिफ्ट किया जा रहा है। इस हिस्से में गिरी होटल के पास नई पाइप लाइन डाली जा चुकी है।
बुधवार को यहां पर पुरानी लाइन को नई लाइन जोड़ने का कार्य शुरू हुआ। इसके लिए खोदाई भी हुई। नर्मदा प्रोजेक्ट के अफसरों के मुताबिक अगले दो दिन में नर्मदा जल वितरण पाइप लाइन को जोड़ने का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इससे इस क्षेत्र में जल वितरण में कोई परेशानी नहीं आएगी।
यह भी पढ़ें- मेट्रो यात्रियों को खुशखबरी: भोपाल-इंदौर स्टेशनों पर आज से टिकट वेंडिंग मशीनें शुरू, खुद निकाल सकेंगे टिकट