
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बच्चा चोरी का आरोप लगाकर भीड़ ने एक युवती के साथ मारपीट कर दी। अपशब्दों का प्रयोग किया और युवती का वीडियो भी बनाया। युवती गिड़गिड़ाती रही मगर किसी ने मदद नहीं की। घटना का वीडियो वायरल होने पर मंगलवार रात एमआइजी पुलिस ने महिला सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
घटना नेहरुनगर की है। युवती सोमनाथ की चाल से देवनगर की तरफ दवा लेने जा रही थी। एक व्यक्ति ने रोका और कहा तुम बच्चा चोर हो क्या। युवती घबरा गई और उस व्यक्ति अपशब्दों का प्रयोग करने लगा। युवती ने फोन दिखाते हुए कहा मेरी आइडी देख लो, मैं नेहरू नगर में ही रहती हूं। आवाज सुनकर कलाबाई और खुशी भी आ गई। उन्होंने युवती को पकड़ लिया और युवकों को बुला लिया।
भीड़ ने उसके साथ मारपीट की और बच्चा चोर बता कर वीडियो बनाया। युवती को पीटते हुए थाने पर ले गए। घटना से युवती सदमे में है। उसने कहा मुझे बदनाम कर दिया गया है। ऐसे में आत्महत्या भी कर सकती हूं। इसके जिम्मेदार वीडियो बनाने वाले होंगे।
यह भी पढ़ें- ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’ गाने के साथ कट्टा लहराते हुए बनाई रील, पुलिस ने पकड़ा तो कान पकड़कर मांगी माफी
शहर में बच्चा चोरी की अफवाहों से लोग परेशान हैं। कई जगहों पर विक्षिप्त और बुजुर्गों के साथ मारपीट हो चुकी है। कनाड़िया क्षेत्र में एक व्यक्ति को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया था। पुलिस द्वारा तस्दीक करने पर घटना फर्जी निकली। द्वारकापुरी क्षेत्र में भी एक वृद्धा को बच्चा चोर बता कर पकड़ लिया था।
एडीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की नजर है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।