
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मंगलवार को बाणगंगा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन की टीम ने चना, मूंगफली, परमल, मटर सहित अन्य खाद्य पदार्थों की प्रोसेसिंग और बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान करीब चार हजार किलोग्राम से अधिक खाद्य सामग्री जब्त की गई। वहीं एक प्रतिष्ठान पर वैध खाद्य लाइसेंस नहीं मिलने पर निर्माण और प्रोसेसिंग का काम रुकवा दिया गया।
दरअसल जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मंगलवार को विशाल नगर, बाणगंगा स्थित मेसर्स न्यू एनके चना परमल का निरीक्षण किया। यहां चना, पीनट और परमल की प्रोसेसिंग होती मिली। साफ-सफाई संतोषजनक नहीं थी।
टीम ने पांच नमूने लिए और करीब 1950 किलो खाद्य सामग्री जब्त की। इसके अलावा शिवम ट्रेडर्स से मूंगफली के चार नमूने लेकर 280 किलो मूंगफली जब्त की गई। अमरनाथ चना परमल भंडार से चना, मटर और मूंगफली के नमूने लिए गए तथा 1377 किलो खाद्य सामग्री जब्त की।
बाणगंगा स्थित फर्म राजकुमार जायसवाल के प्रतिष्ठान में खाद्य पंजीयन या लाइसेंस नहीं मिला। इस पर प्रकरण तैयार कर खाद्य पदार्थों के निर्माण और प्रोसेसिंग का काम रुकवाया गया। वहीं मूंगफली दाना एवं धनिया पाउडर के दो नमूने जांच के लिए लिए गए।साथ ही 300 किग्रा मूंगफली दाना एवं 150 किग्रा धनिया पाउडर को जब्त किया गया।
जीवनदीप कॉलोनी स्थित सतगुरु बेकर्स में बिना वैध पंजीयन के अस्वच्छ परिस्थितियों में केक निर्माण मिला। यहां से केक का नमूना लिया गया। मनोरमागंज स्थित चाय ठिकाना से बन मस्का और पनीर और कुशवाह नगर स्थित यादव श्री रेस्टोरेंट में गुलाब जामुन एवं मोतीचूर लड्डू के नमूने जांच के लिए लिए गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद वैधानिक कार्रवाही की जाएगी।
यह भी पढ़ें- एक ही दूध से बन रहे थे घी, मावा, दही और पनीर; गुणवत्ता पर संदेह के बाद भोपाल में अमोल डेयरी पर खाद्य विभाग का एक्शन