
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पुलिस को घूसखोर और कमिश्नर संतोष कुमारसिंह की एक्टर सलमान खान से तुलना करने वाले एक्टर कपिल खादीवाला से बुधवार दोपहर कनाड़िया थाना में पूछताछ हुई। कपिल ने घूसखोरी के सबूतों से इनकार कर दिया और कहा उसको तो प्रोडक्शन मैनेजर प्रकाश त्रिपाठी ने घटना बताई थी। पुलिस अब प्रकाश को तलब कर रही है।
मॉडल व एक्टर कपिल ने इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड कर कहा था कि वेब सीरिज की शूटिंग के दौरान पुलिस ने अभद्रता की। शूटिंग कर रही टीम को धमकाया और रुपयों की मांग की। कपिल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कैबिनिट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय,सांसद शंकर लालवानी और महापौर पुष्यमित्र भार्गव को वीडियो की गुजारिश की और कहा कि उसने पुलिस आयुक्त संतोष कुमारसिंह से भी मिलने का प्रयास किया था। उनका एटिट्यूट सलमान खान जैसा लगा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की और कनाड़िया थाना और क्राइम ब्रांच से नोटिस जारी किया गया। बुधवार को कपिल थाने पहुंचे और टीआई तिलक करोले को बयान दर्ज करवाए। कपिल ने स्पष्ट कहा कि घूसखोरी के सबूत नहीं है। उनको तो प्रोडक्शन मैनेजर प्रकाश त्रिपाठी ने काल कर घटना के बारे में बताया और गुस्से में वीडियो जारी कर दिया। पुलिस ने अब प्रकाश को भी बयान के लिए थाने बुलाया है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में पुलिस को घूसखोर बताने वाले मॉडल कपिल खादीवाला को नोटिस देकर मांगे सबूत