
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : दुर्गा पूजा, दीपावली सहित आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या एवं अतिरिक्त यात्री दबाव को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल से होकर गुजरने वाली दो जोड़ी ट्रेनों में अस्थाई रूप से अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था की जा रही है। इससे त्योहारों पर यात्रियों के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी, वहीं सफर करने वालों को सुविधा होगी।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस में 16 से 31 अक्टूबर तक व इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस में 19 अक्टूबर से तीन नवंबर तक दो स्लीपर श्रेणी एवं तीन जनरल श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। वहीं, इंदौर-भगत की कोठी एक्सप्रेस में 17 अक्टूबर से एक नवंबर तक व भगत की कोठी-इंदौर एक्सप्रेस में 18 अक्टूबर से दो नवंबर तक दो स्लीपर श्रेणी एवं तीन जनरल श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।
त्योहारों पर यात्री दबाव देखते हुए रेल मंडल से गुजरने वाली तीन जोड़ी ट्रेनों में अस्थायी अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।
जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार ट्रेन 19625/19626 अजमेर-बांद्रा टर्मिनस में 18 से 25 अक्टूबर तक एक स्लीपर कोच लगेगा। ट्रेन 14801/14802 जोधपुर-इंदौर में निर्धारित अवधि में दो स्लीपर और तीन जनरल कोच तथा ट्रेन 12465/12466 इंदौर-भगत की कोठी में भी दो स्लीपर और तीन जनरल कोच लगाए जाएंगे। यात्रियों से यात्रा से पहले समय, ठहराव और ट्रेन की स्थिति www.enquiry.indianrail.gov.in या RailOne एप पर जांचने की अपील की गई है।