
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर की सड़कों पर रैपिडो, ओला, उबर और जुगनू जैसे ऑनलाइन प्लेटफार्म के जरिए बाइक टैक्सियों का संचालन किया जा रहा है। बिना जरूरी अनुमति और निर्धारित नियमों का पालन किए बाइक टैक्सी चलाने वालों के खिलाफ सोमवार को परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में 200 दोपहिया वाहनों की जांच की गई। इनमें से 53 वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। इनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। शहर के अलग-अलग स्थानों पर अचानक शुरू किए गए इस जांच अभियान से बाइक टैक्सी चालकों में हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान टीम ने खासतौर पर उन दोपहिया वाहनों को निशाने पर लिया, जिनका इस्तेमाल रैपिडो, ओला, उबर, जुगनू सहित अन्य एग्रीगेटर प्लेटफार्म के माध्यम से यात्रियों को लाने-ले जाने में किया जा रहा था। अधिकारियों ने वाहनों के पंजीयन, बाइक टैक्सी संचालन की वैधानिक अनुमति, जरूरी दस्तावेज और निर्धारित शर्तों की पड़ताल की।
जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर 53 वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें से 20 वाहन चालकों ने निर्धारित जुर्माना राशि जमा कर दी, जिसके बाद उनके वाहन छोड़ दिए गए। इस कार्रवाई में विभाग ने कुल 60 हजार रुपये का राजस्व वसूल किया। शेष वाहनों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर: दस महीने में 1.83 लाख लोगों ने तोड़े ट्रैफिक नियम, दो हजार से ज्यादा नशे में पकड़े गए
नियमों की अनदेखी कर बाइक टैक्सी चलाने से न केवल परिवहन नियमों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। संयुक्त अभियान चलाकर अवैध रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। शहर में अवैध बाइक टैक्सी संचालन पर रोक लगाने के लिए आगे भी औचक जांच की जाएगी।- प्रदीप शर्मा, आरटीओ।