
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी में प्रॉपर्टी कारोबारी को 1 करोड़ रुपये के लिए ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है जो कारोबारी से 80 लाख रुपये वसूल कर चुकी है। इस महिला ने तीन लोगों के विरुद्ध दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले भी दर्ज करवा रखे हैं।
एडिशनल डीसीपी जोन-4 दीशेष अग्रवाल के मुताबिक केशरबाग रोड (डी-आर्बिट) निवासी कृतिका तलरेजा द्वारा महिला के विरुद्ध शिकायत की थी कि राजमहल कॉलोनी निवासी महिला से सेरोगेट मदर के लिए संपर्क हुआ था।महिला ने पति संतोष तलरेजा का कारोबार देख कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
अक्टूबर 2019 में दुष्कर्म की रिपोर्ट लिखवा दी। महिला ने मामले में समझौता कर लिया लेकिन इसके बदले में स्वयं की बेटी को संतोष का नाम देने की शर्त रखी। महिला इसके बाद संतोष को ब्लैकमेल कर 80 लाख वसूल कर चुकी है। उक्त महिला 1 करोड़ रुपये की मांग कर संतोष और कृतिका को धमका रही है।
वह उसके घर आकर बदनाम करने और कॉलोनी में बेइज्जत करने की धमकी देती है। उसके पास संतोष के आपत्तिजनक फोटो भी है और उनको डिलीट करने के नाम पर भी रुपयों की मांग करती है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमारसिंह ने कृतिका के आवेदन की जांच करवाई और मंगलवार को महिला को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला महिला वकील प्रमोद व्यास सहित चार लोगों के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य धाराओं में केस दर्ज करवा कर समझौता भी कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार कृतिका और संतोष की एक बेटी (स्पेशल चाइल्ड) है। कृतिका दोबारा मां नहीं बन सकती थी। आरोपित महिला से सेरोगेट मदर के लिए बात हुई थी। सेरोगेसी से पहली बेटी हुई लेकिन महिला ने उसको देने से मना कर दिया। दूसरा बेटा हुआ तो उसको भी अपने पास रख लिया।
महिला ने बच्चों के लिए फ्लैट,एफडी भी करवा ली। उसने संतोष से 80 लाख रुपये से ज्यादा की वसूली कर ली। आरोपित महिला विवाहित है और पति के साथ रहती है। पति से जन्मी बेटी को भी संतोष का नाम दे दिया।1 करोड़ रुपये मांगने और दोबारा एफआईआर दर्ज करवा कर जेल भिजवाने की धमकी देने पर कृतिका ने पुलिस में शिकायत कर दी।