
All India Bar Examination नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ऑल इंडिया बार एसोसिएशन की परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब परीक्षा कॉपियों की री-चेकिंग के लिए आवेदन कर सकेंगे। उन्हें आवेदन ऑल इंडिया बार एसोसिएशन की अधिकृत वेबसाइट पर करना होगा। अन्य किसी माध्यम से किए जाने वाले आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवेदन शुल्क 200 रुपये रखा गया है। अभ्यर्थी 25 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। इस तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
ऑल इंडिया बार एसोसिएशन की परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित की जाती है। इस परीक्षा में अब तक री-चेकिंग का कोई प्रावधान नहीं था। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन और इंदौर अभिभाषक संघ के पदाधिकारी लंबे समय से इस परीक्षा में री-चेकिंग की व्यवस्था शुरू करने की मांग कर रहे थे। इस वर्ष पहली बार री-चेकिंग का प्रावधान किया गया है।
एलएलबी की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद राज्य अधिवक्ता परिषद में सनद के लिए आवेदन करना होता है। आवेदन पर राज्य अधिवक्ता परिषद वकीलों को अस्थाई सनद जारी करती है जो सिर्फ दो वर्ष के लिए होती है। इन दो वर्षों के भीतर वकील को ऑल इंडिया बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित परीक्षा उत्तीर्ण करना होती है। यह परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित होती है।
इस परीक्षा के उत्तीर्ण करने के बाद ही अभिभाषक को स्थाई सनद जारी की जाती है। जो वकील अस्थाई सनद प्राप्त होने के दो वर्ष के भीतर आल इंडिया बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित परीक्षा को उत्तीर्ण नहीं कर पाते हैं उन्हें अस्थाई सनद प्राप्त होने की तिथि से दो वर्ष पूरे होने के बाद तब तक वकालत करने की अनुमति नहीं रहती जब तक कि वे परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर लेते। हर वर्ष इस परीक्षा में इंदौर से सैंकडों परीक्षार्थी शामिल होते हैं। कुछ दिन पहले ही इस वर्ष की परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ है।