
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर: चंदन नगर में नाश्ता व्यापारी से धमकी और मारपीट के मामले में पुलिस को चकमा दे रहे एहसान उर्फ भय्यू सुरीला खान पर रविवार को खजराना पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज की है। उस पर लिव-इन में रह चुकी महिला को धमकाने और साथ रहने के लिए दबाव बनाने का आरोप है।
महिला का आरोप है कि भय्यू ने उसकी बात नहीं मानने पर बेटी को जान से मारने की धमकी दी। आरोपित खजराना पुलिस का मुखबिर भी रहा है। ज्योति ने खजराना पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से भोपाल की रहने वाली है और फिलहाल अपनी बेटी के साथ हारून नगर (चंदन नगर) में रह रही है। वह पहले भय्यू के साथ लिव-इन में रहती थी। भय्यू के जेल जाने के बाद उसने उसका घर छोड़ दिया था।
महिला के अनुसार जेल में रहने के दौरान भी भय्यू उसे धमकाता था। जेल से बाहर आने के बाद वह उस पर दोबारा साथ रहने का दबाव बनाने लगा। महिला ने बताया कि वह अपने दादा-दादी और मुंहबोले भाई समीर के साथ खजराना जा रही थी। इसी दौरान ताज नगर मेन रोड पर भय्यू मिला और साथ चलने के लिए दबाव बनाने लगा।
एक माह पहले भय्यू पर चंदन नगर में महिला की दुकान के नीचे समीर के साथ मारपीट करने और उसे धमकाने का आरोप लगा था। समीर की शिकायत पर चंदन नगर पुलिस ने एफआइआर दर्ज की थी। पुलिस तभी से उसकी तलाश कर रही है, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया है। आरोप है कि उसने इंटरनेट मीडिया पर इंदौर पुलिस के अधिकारियों को चेतावनी भी दी।
यह भी पढ़ें- सूरजपुर में चरित्रशंका में पति बना हैवान, पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर जंगल में छोड़कर हुआ फरार
इससे जुड़ा आडियो-वीडियो महिला के मोबाइल पर भेजे जाने की बात सामने आई है। भय्यू सुरीला पर हत्या और लूट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। कुछ महीने पहले उसने खजराना के 14 साल पुराने कृष्णा हत्याकांड में आरोपितों को पकड़ने में पुलिस की मदद की थी। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को मुंबई से पकड़ा था। आरोपितों ने दावा किया था कि उज्जैन जेल में भय्यू से हुए विवाद के बाद आपसी रंजिश के चलते हत्या में उसका नाम झूठा लिया गया था।