
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सोमवार की सुबह कृष्णबाग कॉलोनी के रहवासियों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं थी। जिन मकानों को बनाने और सजाने में लोगों ने जिंदगी की कमाई लगा दी, उन्हीं आशियानों को अपनी आंखों के सामने मलबे में तब्दील होते देख लोग खुद को संभाल नहीं पाए। कोई टूटते मकान को एकटक देख रहा था तो कोई अपने आंसू रोकने की कोशिश कर रहा था।
महिलाएं रोते हुए कार्रवाई रोकने की गुहार लगाती रहीं। कुछ लोग तो घर छोड़ने को तैयार ही नहीं थे। प्रशासनिक अमले ने उन्हें समझाकर बाहर निकाला, जिसके बाद पोकलेन मशीनों ने मकानों को जमींदोज करना शुरू कर दिया। सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली कार्रवाई में 42 मकानों को तोड़ा गया, जबकि हाई कोर्ट से राहत मिलने के कारण 22 निर्माणों को छोड़ दिया गया।
कृष्णबाग कॉलोनी में कार्रवाई के दौरान हंगामे की स्थिति को देखते हुए प्रशासन, निगम और पुलिस का बड़ा अमला लगाया गया था। सुबह छह बजे से ही अमला जुटने लगा था। कॉलोनी पहुंचते ही पुलिस ने रास्तों पर बैरिकेडिंग कर बाहरी वाहनों की आवाजाही रोक दी। कार्रवाई के लिए 10 पोकलेन मशीनें अलग-अलग गलियों में लगाई गईं। पूरी कार्रवाई के लिए करीब 750 लोगों का अमला लगाया गया, जिसमें निगम के 250, पुलिस के 300 और राजस्व विभाग के 200 कर्मचारी शामिल रहे।
कार्रवाई के लिए पांच एसडीएम को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनके साथ तहसीलदार, नायब तहसीलदार और निगम के अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे। अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य और जूनी इंदौर एसडीएम घनश्याम धनगर बारी-बारी से गलियों में पहुंचकर कार्रवाई की स्थिति का आकलन करते रहे। हालांकि कार्रवाई शुरू होने से पहले लोगों का आक्रोश दिखा, लेकिन बाद में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण चलती रही।
कार्रवाई की आशंका के चलते अधिकांश रहवासियों ने रात में ही अपना सामान दूसरी जगह पहुंचा दिया था। इसके बावजूद कुछ मकानों में घरेलू सामान बचा हुआ था। निगम के रिमूवल अमले ने पहले उसे बाहर निकलवाया, फिर मशीनों से मकान तोड़े। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मकानों में ऊपर से नीचे तक जांच की गई कि अंदर कोई व्यक्ति मौजूद तो नहीं है। टीन शेड से लेकर दो और तीन मंजिला मकानों पर पोकलेन चलते ही रहवासियों का दर्द छलक पड़ा। कई महिलाएं फूट-फूटकर रोने लगीं, जिन्हें परिजनों ने संभाला।
कार्रवाई के दौरान कालका माता मंदिर को हटाने की बात पर रहवासियों ने विरोध शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि मंदिर हजारों परिवारों की आस्था का केंद्र है, इसलिए इसे नहीं तोड़ा जाना चाहिए। हंगामे के बीच प्रशासन ने मंदिर को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के लिए लोगों को समझाया। वहीं कुछ मकानों का 1.5 मीटर हिस्सा ही इसमें आ रहा था, इसलिए लोगों ने स्वयं मकान तोड़ना शुरू किया, ताकि नुकसान कम हो।
ग्राम खजराना के सर्वे नंबर 66/2 (क) पर बसी इस कॉलोनी में श्रीराम बिल्डर्स और रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चल रहा है। मामला तहसीलदार से लेकर हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। 0.720 हेक्टेयर जमीन से अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई पहले 16-17 और फिर 18-19 नवंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल नहीं मिलने से टालनी पड़ी। इस बार पर्याप्त बल के साथ कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान दो पोकलेन मशीनों के प्रेशर पाइप फट गए, जिससे ऑयल रिसने लगा। दोनों मशीनों को हटाकर किनारे किया गया। मकान तोड़ने के बाद अब नगर निगम द्वारा मलबा हटाने की प्रक्रिया भी की जाएगी, जिसके लिए 30 दिन की समयसीमा निर्धारित है। दिनभर मशीनों की गूंज के बीच कृष्णबाग कॉलोनी में टूटते मकानों के साथ लोगों की वर्षों की यादें और भावनाएं भी बिखरती नजर आईं।
यह भी पढ़ें- इंदौर दोहरा हत्याकांड: 5 महीने पहले रची थी पिता और बहन की हत्या की साजिश, पुलिस खंगाल रही लोकेशन