नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के सदस्य आकाशदीप उर्फ बाज को किराए पर मकान देने वाले भवन स्वामी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ क्रेन संचालक हरभजन सिंह को भी हिरासत में लिया है। दोनों पर जानकारी छुपाने का आरोप है।
पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूछताछ में जुटी हैं।चनानके अमृतसर (पंजाब) निवासी 22 वर्षीय आकाशदीप उर्फ बाज को दिल्ली की स्पेशल सेल ने न्यू गायत्री नगर से गिरफ्तार किया था।
बीकेआई से जुड़ा आकाशदीप बटाला में किला लाल सिंह थाने में राकेट लांचर से हमला कर भागा था। स्पेशल सेल उसकी हथियारों की सप्लाई के संबंध में तलाश कर रही थी।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आकाशदीप इंदौर के निर्माणाधीन आईएसबीटी में क्रेन चलाने का काम करने लगा था। दिल्ली पुलिस के खुलासे के बाद शहर की हीरानगर पुलिस हरकत में आई और छानबीन शुरू की। पुलिस ने क्रेन संचालक हरभजन सिंह को पकड़ा।
मूलत: पंजाब निवासी हरभजन ने बताया कि वाट्स ऐप ग्रुप के माध्यम से आकाशदीप मिला था। उसे आकाशदीप की फरारी और थाने पर हमले की जानकारी नहीं थी। हरभजन ने उसे अपने कमरे में ही रख रहने को कह दिया। दोनों शहर के गायत्री नगर में राम सिंह मालवीय के मकान में किराए पर रहने लगे।
पुलिस ने राम सिंह को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ ने उसने बताया कि आकाशदीप व हरभजन के बारे में उसने थाने में जानकारी नहीं दी थी। पुलिस से किराएदारों का सत्यापन भी नहीं करवाया था।