
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर में सोमवार को जूना रिसाला इलाके में अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों पर बुलडोजर चला। यहां गुटकेश्वर मंदिर किला मैदान से सदर बजार की ओर जाने वाली रोड पर यह कार्रवाई की गई। रविवार को भी इलाके में अतिक्रमण हटने शुरू हो गए थे।
कार्रवाई के दौरान यहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स, नगर निगम और प्रशानिक अधिकारी यहां मौजूद थे।

इस रोड पर अतिक्रमण की वजह से बार-बार जाम लगने की समस्या सामने आ रही थी। यहां कई जगह सड़क पर ही अतिक्रमण कर लिया गया था। कार सहित बड़े वाहन इस सड़क पर आने से जाम लग जाया करता था।

इसके पहले जिंसी इलाके में सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हुआ था। इसकी वजह से कई वाहन चालक जूना रिसाला वाली सड़क का उपयोग कर रहे थे।

ऐसे में यहां बार-बार वाहनों का जाम लग रहा था। गुटकेश्वर मंदिर के पास से गई इस सड़क पर पुल के दूसरी तरफ से बंद कर दिया गया था। यहीं से सदर बाजार के मुख्य मार्ग तक जितने भी अतिक्रमण हैं, सभी को हटाने की कार्रवाई जारी रही।
