
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। अब लोगों को घरेलू कार्यो के लिए इलेक्ट्रिशियन, प्लम्बर, बढ़ई और पेंटर को खोजने की काफी मशक्कत नहीं करना होगी। मध्यप्रदेश शासन के श्रम विभाग द्वारा नागरिकों को कुशल एवं सत्यापित कामगारों की सेवाएं आसानी से मिल सकेगी। 'कॉल कारीगर' मोबाइल एप के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी आवश्यकता के अनुसार इलेक्ट्रिशियन, प्लम्बर, बढ़ई, पेंटर को बुला सकेंगे।
मोबाइल एप पर नागरिकों एवं कामगारों को मोबाइल ओटीपी के माध्यम से पंजीयन की सुविधा मिलेगी। एप पर विशेषज्ञ कामगारों को पंजीयन के पूर्व आधार कार्ड, पैन कार्ड, कौशल प्रमाण-पत्र एवं पुलिस सत्यापन से संबंधित दस्तावेज अपलोड करना होगा।
नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार उपलब्ध कामगारों का चयन कर आनलाइन सेवा बुक कर सकेंगे। बुकिंग की स्थिति भी एप के माध्यम से देखी जा सकेगी। इसके साथ ही एकीकृत भुगतान गेटवे के माध्यम से सुरक्षित डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध रहेगी। सेवा प्राप्त करने के बाद नागरिक संबंधित कामगार को रेटिंग एवं फीडबैक भी देंगे।
यह भी पढ़ें- MP के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी: घर बैठे मोबाइल एप से बुक होगी बस, बिना टिकट मिलने पर कंडक्टर पर भी होगी कार्रवाई
यह भी पढ़ें- ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट के लिए बनेगा मोबाइल एप, सभी आरटीओ से मांगी जियो लोकेशन