
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। तेज रफ्तार कार ने गुरुवार रात बायपास पर दो बाइक पर सवार पांच लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में इलेक्ट्रिक ठेकेदार की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर कार की नंबर प्लेट टूटकर गिर गई थी, जिसके आधार पर पुलिस चालक और वाहन की तलाश कर रही है।
हादसा तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में शराब दुकान के पास हुआ। मृतक की पहचान इदरीश नगर (मूसाखेड़ी) निवासी 55 वर्षीय राजूलाल पुत्र रामदुलारे के रूप में हुई है। उनका बेटा राज गंभीर रूप से घायल है। स्वजन के मुताबिक राजूलाल इलेक्ट्रिक के ठेके लेते थे।
बायपास स्थित सेज यूनिवर्सिटी में उनकी साइट पर काम चल रहा था। गुरुवार रात मजदूरों ने काम पूरा किया तो पांच लोग दो बाइक से घर लौट रहे थे। एक बाइक पर राजूलाल अपने बेटे राज के साथ थे, जबकि दूसरी बाइक पर शरद, मनीष सिंह और आजाद सवार थे।
यह भी पढ़ें- खंडवा में इंदौर रोड पर बिजली के खंभे से टकराकर पलटी तेज रफ्तार कार, ड्राइवर घायल
तेजाजी नगर ब्रिज के समीप तेज रफ्तार कार ने दोनों बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजूलाल उछलकर दूर जा गिरे। राहगीरों की मदद से उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन करीब आधे घंटे बाद उनकी मौत हो गई। बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। तीन लोगों को मामूली चोट लगी है।