
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। इंदौर रोड पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा सुबह करीब 4 बजे भैरव तालाब के पास हुआ। वाहन में चार लोग सवार थे। दुर्घटना में चालक घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद तीन अन्य लोगों को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के चार लोग वाहन से इंदौर रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान भैरव तालाब के पास अचानक चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार होने के कारण वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पलटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर वाहन में सवार लोगों की मदद की।
गनीमत रही कि टक्कर के दौरान वाहन के सभी एयरबैग खुल गए, जिससे उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलने पर पदमनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- खंडवा में सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, नीचे दबने से सात वर्षीय बालक की मौत, हिरासत में ड्राइवर
यह भी पढ़ें- इंदौर-खंडवा रोड के भेरूघाट पर तीन दिनों से लग रहा लंबा जाम, परेशान हो रहे लोग