_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। राज्य सरकार द्वारा एक अप्रैल 2026 से स्टेट सेंट्रलाइज्ड पेंशन प्रोसेसिंग सेल (एससीपीसीसी) इस इरादे से शुरू की गई थी कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन प्रक्रिया पारदर्शी होकर पेंशन संबंधी सारे कार्य समयसीमा में हो सकेंगे। इसके लिए पेंशनर्स को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और सारा काम ऑनलाइन हो जाएगा, लेकिन अब यह नई व्यवस्था इंदौर जिले के पेंशनर्स के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है।
रिटायर होने के छह महीने बाद भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) जारी नहीं हो पा रहा है। कई पेंशनर ग्रेच्युटी न मिलने और रिवाइज पीपीओ न होने से परेशान हो रहे हैं।
एससीपीसीसी की व्यवस्था शुरू होने से पूर्व तक पेंशनरों के कार्य जिला एवं संभागीय स्तर के कार्यालयों पर हो जाया करते थे, लेकिन अब पेंशन से जुड़ी किसी भी तरह की समस्या का समाधान जिला या संभाग स्तर पर होना बंद हो गया है। अब छोटे से छोटे काम के लिए भी पेंशनरों को भोपाल का रुख करना पड़ रहा है।
वरिष्ठ नागरिक पेंशनर एसोसिएशन के प्रदेश प्रवक्ता भगवती प्रसाद पंडित का कहना है कि पहले जिला स्तर पर सात दिन में पीपीओ जारी होकर ग्रेच्युटी मिल जाती थी और पेंशन शुरू हो जाती थी, लेकिन अप्रैल के बाद से पीपीओ जारी होने में छह महीने तक का समय लग रहा है। चार-चार महीने से पेंशनरों के खाते में ग्रेच्युटी नहीं आई है। रिवाइज पीपीओ होने में भी अधिक समय लग रहा है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हातोद से प्राचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए सत्यनारायण मंडलोई 30 अप्रैल 2024 को रिटायर हुए थे, लेकिन सात महीने गुजरने के बाद भी अब तक उनका पीपीओ जारी नहीं हुआ है। इसी तरह कई पेंशनर्स की 35 वर्ष की नौकरी पूरी होने के बाद चतुर्थ क्रमोन्नति लगने के प्रकरण लंबित हैं। अर्जित अवकाश, जीपीएफ, एचआरए एरियर समेत अन्य कई प्रकरण भी नए सिस्टम के शुरू होने के बाद से लंबित हैं।
अप्रैल में नई व्यवस्था लागू होने के बाद से इंदौर जिले में अब तक लंबित प्रकरणों की संख्या 250 के आसपास पहुंच गई है। ज्यादातर मामले रिवाइज पीपीओ, ग्रेच्युटी और एरियर से संबंधित हैं।
इस मामले को लेकर पेंशन, भविष्यनिधि एवं बीमा विभाग के संचालक प्रवीण कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। एसोसिएशन पदाधिकारियों की मानें तो इंदौर जिले के साथ ही पूरे प्रदेश में इस तरह के 50 हजार से ज्यादा प्रकरणों का निराकरण नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें- ठंड की चपेट में मध्य प्रदेश, शाजापुर का गिरवर रहा सबसे ठंडा, अगले कुछ दिनों में 4 डिग्री तक गिरेगा पारा