
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। एक माह तक सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के 3209 पोलिंग बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) बैठेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या स्थानांतरण के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इससे पहले प्रारंभिक मतदाता सूची जारी की गई। इसके अनुसार जिले में वर्तमान में 25.36 लाख से अधिक मतदाता हैं। एसएसआर की पूरी प्रक्रिया 11 दिसंबर तक चलेगी।
एसएसआर की प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय में बैठक आयोजित हुई। राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा प्रक्रिया की पूरी जानकारी देने के साथ ही प्रारूप मतदाता सूची सौंपी गई। इसके अनुसार जिले में 25 लाख 36 हजार 870 मतदाता हैं। इसमें 12 लाख 75 हजार 964 पुरुष और 12 लाख 60 हजार 810 महिला मतदाता हैं। 96 मतदाता अन्य श्रेणी के हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी नवजीवन पंवार का कहना है कि प्रक्रिया में जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे। वहीं युवा मतदाता भी नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। एक माह तक सभी बूथों पर बीएलओ बैठेंगे और नाम जोड़ने तथा हटाने की प्रक्रिया करेंगे।
एसएसआर की प्रक्रिया के पहले जिले में पोलिंग बूथों का युक्तियुक्तकरण किया गया। इसके बाद जिले में 3209 पोलिंग बूथ रह गए, जबकि पहले 3210 थे। प्रक्रिया के दौरान कम मतदाता संख्या वाले छह बूथों को मर्ज किया गया, जबकि पांच नवीन पोलिंग बूथ बनाए गए। इसके अनुसार एक बूथ कम हो गया। इंदौर-2 में दो, इंदौर-4 में एक और सांवेर में तीन पोलिंग बूथ कम हुए, जबकि राऊ में चार और सांवेर में एक नया पोलिंग बूथ बनाया गया।
इंदौर जिले की मतदाता सूची के अनुसार विधानसभा क्षेत्र इंदौर-4 में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है। यहां पर एक लाख 11 हजार 192 महिला और एक लाख 11 हजार 142 पुरुष मतदाता हैं। यानी जेंडर रेशो एक हजार है। इंदौर-3 में जेंडर रेशो 997 है और इंदौर-2 में जेंडर रेशो 996 है।
यह भी पढ़ें- MP में SIR के बाद हटे 34 लाख नाम, फिर भी आयोग की सूची में 21 लाख मतदाता ज्यादा; अब SSR से होगा मिलान
एसएसआर की प्रक्रिया के दौरान 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया होगी। इसके बाद 28 दिसंबर तक सभी दावे-आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। 4 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। एक जनवरी 2027 की तारीख में 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवा मतदाताओं का नाम शामिल किया जाएगा। वहीं अपात्र, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं को हटाया जाएगा और दोहरी प्रविष्टियों में भी सुधार होगा।