• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • दिवाली पूजन 2026
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • इंदौर

इंदौर में छठ महापर्व की छटा... मालवा की धरती पर उतरा बिहार और पूर्वांचल, डूबते सूर्य की आराधना

डूबते सूरज की लालिमा, जलकुंडों में कमर तक पानी में खड़े श्रद्धालु, हाथों में पूजन सामग्री और घाटों पर गूंजते छठी मैया के पारंपरिक गीत... यह दृश्य शहरभर में रविवार को विभिन्न स्थानों पर नजर आया।

By ramkrashna MuleEdited By: ADITYA KUMAR
Publish Date: Sun, 15 Nov 2026 08:49:01 PM (IST)Updated Date: Sun, 15 Nov 2026 08:49:01 PM (IST)
  • को पसंदीदा स्रोत बनाएं preferred source google
इंदौर में छठ महापर्व की छटा... मालवा की धरती पर उतरा बिहार और पूर्वांचल, डूबते सूर्य की आराधना
इंदौर में छठ महापर्व की छटा

HighLights

  1. इंदौर के 150 से अधिक घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
  2. बिहार-पूर्वांचल के साथ मालवा के स्थानीय परिवार भी हुए शामिल
  3. सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का पारण

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। डूबते सूरज की लालिमा, जलकुंडों में कमर तक पानी में खड़े श्रद्धालु, हाथों में पूजन सामग्री और घाटों पर गूंजते छठी मैया के पारंपरिक गीत... यह दृश्य शहरभर में रविवार को विभिन्न स्थानों पर नजर आया। अवसर था चार दिवसीय छठ पर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य देने के अवसर पर। इन दृश्यों को देखकर मानो ऐसा लगा कि मालवा की धरती पर बिहार और पूर्वांचल उतर आया हो।

लोक आस्था के महापर्व छठ पर 150 से अधिक स्थायी और अस्थायी घाटों पर श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखते ही बन रहा था। इस मौके पर हजारों व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और आरोग्यता की कामना की। इस दौरान बजते ''कांच ही बांस के बहंगिया'', ''उगे हे सूरज देव'' जैसे गीतों ने हर तरफ लोक संस्कृति और परंपरा की छटा बिखेर दी।


दोपहर बाद से ही स्कीम नंबर 54, अनुपम नगर, स्कीम नंबर 78, तुलसी नगर, समर पार्क, पिपलियापाला तालाब, बाणगंगा कुंड, पिपलियाहाना तालाब पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कोई सिर पर बांस की बहंगी और हाथों में ठेकुआ, नारियल, केला, गन्ना तथा मौसमी फलों से सजी टोकरी लेकर पहुंचा तो कोई परिवार के साथ छठी मैया के गीत गुनगुनाते हुए घाटों की ओर बढ़ता दिखाई दिया।

रंग-बिरंगी साड़ियों में सजी महिलाओं के माथे पर लंबा सिंदूर और हाथों में पूजा की थाली पर्व की पारंपरिक आभा को और निखार रही थी। अपराह्न चार बजे के बाद व्रतियों ने जलकुंडों में उतरकर सूर्यदेव की आराधना शुरू की। सूर्यास्त के समय घाटों पर श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। जल में झिलमिलाते दीप, फूलों से सजी टोकरियां और सामूहिक पूजा का दृश्य हर किसी को भावविभोर कर रहा था।

सूर्य की अंतिम किरण तक होती रही आराधना

जैसे-जैसे प्रत्यक्षदेव अस्ताचल की ओर बढ़े, घाटों पर आस्था का उत्साह चरम पर पहुंच गया। कमर तक पानी में खड़े व्रतियों ने परिजनों के सहयोग से जल और दूध से सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। कई स्थानों पर महिलाएं समूह में पारंपरिक छठ गीत गाती दिखाई दीं। बच्चों और बुजुर्गों की मौजूदगी ने इसे पारिवारिक उत्सव का स्वरूप दिया।

यह भी पढ़ें- एमपी शिक्षक पात्रता परीक्षा में बैठेंगे 33,834 अभ्यर्थी, 52 जिलों के कलेक्टर 20 नवंबर तक तय करेंगे केंद्र

पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान के अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह और महासचिव केके झा ने बताया कि इंदौर में छठ महापर्व की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। अब बिहार और पूर्वांचल के परिवारों के साथ मालवा के स्थानीय परिवार भी इसमें उत्साह से सहभागी बन रहे हैं। छठ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पारिवारिक संस्कार और सामाजिक एकजुटता का पर्व है।

इन स्थानों पर भी हुए आयोजन

सुखलिया, देवास नाका, मेघदूत नगर, शंखेश्वर सिटी, सिलिकॉन सिटी, एरोड्रम रोड, ड्रीम सिटी, शिप्रा और वक्रतुंड नगर में भी आयोजन हुए। समितियों ने प्रकाश, स्वच्छता, पेयजल और सुरक्षा की व्यवस्थाएं की थीं। छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। व्रती तड़के घाटों पर पहुंचकर सूर्योदय की प्रतीक्षा करेंगे। अर्घ्य के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया जाएगा और ठेकुआ सहित अन्य प्रसाद वितरित होगा। सूर्योपासना, संयम, त्याग और सामाजिक सौहार्द का संदेश देने वाला यह महापर्व इसी के साथ संपन्न होगा।

एक क्लिक पर पढ़ें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें। Hindi News पढ़ें। MP News, Chhattisgarh news, आज का राशिफल और आज का मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पढ़ें।