
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। संभावित जलसंकट को देखते हुए करवाए जाने वाले 300 नए बोरिंग पानीदार ही होंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि नगर निगम इस बार बोरिंग करवाने से पहले ही यह पता लगा लेगा कि बोरिंग में पानी निकलेगा या नहीं। इस बार 300-400 नहीं बल्कि 500 से 700 फीट गहरे बोरिंग करवाए जाएंगे।
ऐसा इसलिए क्योंकि प्रारंभिक सर्वे में यह बात सामने आई है कि जो बोरिंग दम तोड़ रहे हैं, उनमें से ज्यादातर वे हैं जो अधिकतम 400 फीट गहरे थे। नगर निगम जल्द ही सर्वे के लिए निविदाएं आमंत्रित करेगा। मार्च से पहले बोरिंग और इनमें मोटर स्थापित करने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
महापौर परिषद की बैठक में जलनीति को हरी झंडी मिलने के साथ ही इस पर अमल की कार्रवाई शुरू हो गई है। आने वाले एक-दो दिन में इसका प्रारूप भी जारी हो जाएगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि अधिकारी और कर्मचारियों की टीमें बनाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सर्वे करेंगी। पानी का अपव्यय करने वालों और मोटर लगाकर पानी खींचने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई भी की जाएगी। संभावित जलसंकट को देखते हुए नगर निगम शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 300 नए बोरिंग करवाएगा।
इस बार नगर निगम बोरिंग करवाने से पहले ही पता लगा लेगा कि पानी निकलेगा या नहीं। इसके लिए बकायदा सर्वे भी करवाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही एजेंसी भी तय कर दी जाएगी।
जो बोरिंग सूखे हैं उनमें से ज्यादातर 400 फीट से कम गहरे हैं। इससे सबक लेते हुए हमने तय किया है कि इस बार बोरिंग 500 से 700 फीट गहरे करवाए जाएंगे। - अभिषेक शर्मा 'बबलू', जलकार्य प्रभारी, नगर निगम इंदौर
इधर विश्रामबाग स्विमिंग पूल शुरू होने से पहले ही विवादों में पड़ता नजर आ रहा है। इस स्विमिंग पूल का संचालन पीपीपी मोड पर देना प्रस्तावित है। नगर निगम इसके लिए निविदाएं भी आमंत्रित करने वाला है, लेकिन इसके पहले ही इसका संचालन फिलहाल स्थगित करने की मांग करते हुए एक पत्र निगमायुक्त और महापौर को लिखा गया है।
नागरिकों की ओर से लिखे गए इस पत्र में कहा है कि एक तरफ तो नगर निगम संभावित जलसंकट को देखते हुए नागरिकों से पानी बचाने और पानी के दुरुपयोग को रोकने की अपील कर रहा है, दूसरी तरफ स्विमिंग पूल के लोकार्पण की तैयारी चल रही है। पत्र में मांग की गई है कि जलसंकट की आशंका के चलते विश्रामबाग स्विमिंग पूल के लोकार्पण को फिलहाल स्थगित किया जाए।
यह भी पढ़ें- बड़वानी में हॉस्टल सुपरिटेंडेंट के निलंबन पर भड़कीं 450 छात्राएं, कलेक्टर से मिलने 5 KM पैदल मार्च