
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। लगातार आठ बार देश का सबसे स्वच्छ शहर बनने के बाद इंदौर में इस वर्ष स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी कमजोर पड़ती गई। अधिकारी सड़कों पर उतरकर जमीनी हालात देखने के बजाय कार्यालयों में बैठकर समीक्षा करते रहे।
यह मान लिया गया कि सर्वेक्षण दल के आने से पहले विशेष सफाई अभियान चलाकर शहर को फिर चमका दिया जाएगा। लेकिन इस बार यह रणनीति काम नहीं आई। दूसरे शहरों ने पूरे साल अपनी व्यवस्था मजबूत रखी और इंदौर पिछड़ गया।
रात की सफाई व्यवस्था हुई कमजोर: कभी इंदौर की पहचान रातभर चलने वाली सफाई व्यवस्था से थी। सुबह सड़कें साफ नजर आती थीं, लेकिन पिछले कई महीनों में यह व्यवस्था कमजोर पड़ गई। नियमित निगरानी में कमी का असर शहर की स्वच्छता पर पड़ा।
मुख्य मार्ग चमके, गलियां उपेक्षित रहीं: नगर निगम का ध्यान मुख्य मार्गों की सफाई पर अधिक रहा, जबकि कॉलोनियों और बस्तियों में सफाई कमजोर होती गई। कई दिनों तक सफाईकर्मियों के नहीं पहुंचने और शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ी।
सार्वजनिक सुविधाघरों की बदहाली: कई सार्वजनिक सुविधाघरों में पानी की कमी, टूटे यूरिनल और खराब दरवाजों की समस्या बनी रही। कहीं गंदा पानी सड़कों पर बहता रहा तो कहीं नियमित सफाई नहीं हुई।
जनजागरूकता अभियान पड़े ठंडे: 'नो थू-थू' और 'सिग्नल आन, इंजन आफ' जैसे प्रभावी अभियान धीरे-धीरे ठंडे पड़ गए। इनकी निरंतरता टूटने से नागरिक सहभागिता भी कमजोर हुई।
यह भी पढ़ें- धूल और धुएं की गिरफ्त में इंदौर, दम घोटने वाली हुई शहर की हवा, रीगल चौराहे पर AQI 277 दर्ज
इंदौर ने मोस्ट इंस्पायरिंग सिटी के रूप में स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपनी नंबर वन की स्थिति कायम रखी है। इंदौर की स्वच्छता यात्रा अब इस रूप में एक नई श्रेणी में आगे बढ़ रही है। इंदौर की जनता अब केवल अपने शहर को स्वच्छ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश को स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का काम कर रही है। - पुष्यमित्र भार्गव, महापौर, इंदौर।
डैशबोर्ड जारी होने पर दिखेगा बेहतर प्रदर्शन
इंदौर का प्रदर्शन अंकों के लिहाज से बेहतर रहा है। डैशबोर्ड जारी होने के बाद वास्तविक स्थिति और प्रदर्शन के आंकड़े सामने आएंगे। इस बार 'वन सिटी, वन अवॉर्ड' का प्रविधान किया गया था। इसके तहत किसी भी शहर को एक से अधिक पुरस्कार नहीं दिया जाना था। इंदौर को देपालपुर के साथ स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी में पुरस्कार मिला है। इसी कारण उसे सुपर स्वच्छ लीग में अलग से पुरस्कार नहीं दिया गया। - शिशिर गेमावत, मिशन डायरेक्टर, स्वच्छ भारत मिशन मप्र।