
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। लवकुश चौराहे पर बने डबल लेयर ओवरब्रिज की दूसरी भुजा का लोकार्पण आगामी 2 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इसके दो दिन बाद यानी 4 दिसंबर को जननायक टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोनों प्रमुख आयोजनों की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर रविवार को जिले के प्रभारी मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने रेसीडेंसी कोठी में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि डबल लेयर ब्रिज की दूसरी भुजा पर यातायात शुरू होने से क्षेत्र के वाहन चालकों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने टंट्या मामा के बलिदान दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को गरिमामय बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
बैठक के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने जानकारी दी कि जिन शहरी क्षेत्रों में अभी तक नर्मदा पाइपलाइन नहीं पहुंच पाई है, वहां नियमित जल प्रदाय के लिए नई योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) के साथ मिलकर रूपरेखा बना ली गई है और जल्द ही इस पर मैदानी काम शुरू होगा।
प्रभारी मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जल प्रबंधन को केवल शहरी सीमाओं तक सीमित न रखा जाए, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी नागरिकों के लिए पेयजल और मवेशियों के लिए पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलापूर्ति के साथ-साथ पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए नियमित सैंपल लिए जाएं और क्लोरीनेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए। पेयजल व्यवस्था को लेकर जल्द ही एक विस्तृत समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी।
यह भी पढ़ें- अचानक भोपाल के हमीदिया अस्पताल पहुंचे सीएम यादव, मरीजों से की बात, रजिस्टर व सुविधाओं को परखा