संजय रजक, इंदौर CM Rise Model 7 School Indore। राज्य सरकार अब सीएम राइज स्कूलों का विस्तार करने जा रही है। इसकी शुरुआत इंदौर और ग्वालियर से की गई है। यहां प्रदेश के सबसे ज्यादा विद्यार्थी क्षमता वाले स्कूल तैयार किए जा रहे हैं। इंदौर के मल्हाराश्रम स्कूल में सीएम राइज माडल-7 स्कूल बनाया जा रहा है। यहां एक छत के नीचे एक साथ सात हजार विद्यार्थी पढ़ाई करेंगे।
मल्हाराश्रम में सीएम राइज माडल-7 प्रोजेक्ट 2021 में बनाया गया था। इसका काम 2022 में शुरू हुआ। माडल-7 प्रोजेक्ट इंदौर के अलावा ग्वालियर में भी आकार ले रहा है। प्रोजेक्ट पूरा होने पर यहां एक साथ सात हजार विद्यार्थी शिक्षा ले सकेंगे। मल्हाराश्रम के 33.8 एकड़ में बन रहे इस प्रोजेक्ट में फिलहाल तीन भवन का काम चल रहा है।
स्कूल प्राचार्य महेंद्र रामिश ने बताया कि जैसे-जैसे भवन बनते जाएंगे, विद्यार्थियों की संख्या बढ़ती जाएगी। नए शिक्षा सत्र में करीब 300 विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। पूरा परिसर पांच जोन में रहेगा, जिसमें आडिटोरियम, प्ले एरिया, एजुकेशन जोन, सेल्फ डिफेंस, मल्टीपरपस हाल बनेगा। इसके साथ यहां पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल, स्पोर्ट्स हाल, प्ले फील्ड्स, कम्युनिटी हाल आदि भी बनाए जाएंगे।
बनने के बाद इस तरह दिखेगा स्कूल। फोटो- नईदुनिया
अतिक्रमण हटाना चुनौती
एक ओर जहां प्रोजेक्ट ने आकार लेना शुरू कर दिया है। वहीं स्कूल की जमीन पर 10 पाइंट ऐसे हैं, जहां पर अतिक्रमण हो चुका है। लंबे समय पर स्कूल प्रशासन इस अतिक्रमण को हटाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अतिक्रमणकारी दबाव बना रहे हैं। यहां बाउंड्रीवाल के आस-पास किसी ने घर बना लिया, कहीं शेड बन गया है। एक जगह किसान संगठन का कार्यालय खुल गया है। तो कहीं बाउंड्रीवाल तोड़कर घर बना लिया है।
1052 विद्यार्थी अध्ययनरत
सीएम राइज स्कूल में वर्तमान में 1052 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिसमें करीब 300 सुपर 100 योजना के तहत होस्टल में रहकर पढ़ रहे हैं। इस विद्यार्थियों के लिए निजी कोचिंग क्लास की सुविधा भी दी गई है।
शिक्षकों के लिए 160 मकान
नवोदय विद्यालय की तर्ज पर कैंपस में 24 घंटे शिक्षकों की उपलब्धता के लिए 160 आवास बनाए जाने हैं, जो पीछे की ओर बनेंगे। जरूरत पड़ने पर विद्यार्थी शिक्षकों से जुड़े रहें।
यह मिल रही सुविधाएं
- दक्ष शिक्षक
- विद्यालयों की सर्व सुविधायुक्त अधोसंरचना।
- स्कूलों में होने वाले कार्यक्रमों में बच्चों के अभिभावकों की सहभागिता।
- शिक्षा में बेहतर गुणवत्ता हेतु स्मार्ट क्लासेस, आल टाइप्स लैबोरेटरी आदि की व्यवस्था।
- पूर्व प्राथमिक शिक्षा।
- विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कला, संगीत, खेलकूद आदि की सुविधा।
- प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग क्लास।
......................
मल्हाराश्रम स्कूल में सीएम राइस माडल-7 के तहत निर्माण किया जा रहा है। आने वाले समय पर यहां एक साथ सात हजार विद्यार्थियों को शिक्षा दी जाएगी। यहां पर शिक्षण कार्य के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान भी तैयार किए जा रहे हैं।
-मंगलेश व्यास, जिला शिक्षा अधिकारी, इंदौर
फोटो-
- बनने के बाद इस तरह दिखेगा स्कूल। नईदुनिया।
- एक साथ तीन भवन का चल रहा निर्माण कार्य। नईदुनिया।