
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : इस सीजन में गुरुवार की रात सबसे ठंडी रात रही। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा है। वहीं दिन के तापमान में भी हल्की गिरावट देखने को मिली।
अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य था। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक कोई सिस्टम न होने के कारण अब बादल नहीं है। उत्तरी हवाओं के कारण दिन व रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।
शुक्रवार को भी शहर में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और पारा सामान्य से कम रहेगा। गौरतलब है कि इंदौर में बीते वर्षो में नवंबर माह में निम्नतम न्यूनतम तापमान 25 नवंबर 1938 को 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
प्रदेश में आ रही उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से मौसम में ठंडक धीरे-धीरे घुल रही है, जिससे दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वर्तमान में पूरे प्रदेश का आसमान साफ है और वातावरण शुष्क है। दिन के समय चटख धूप खिलने से राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम के वक्त ठिठुरन बढती जा रही है।
गुरुवार - शुक्रवार की रात इंदौर में तापमान में 3.9 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो प्रदेश में सबसे ठंडा जिला रहा।
शुक्रवार को धूप निकली और हल्की धूप रही। अलसुबह व रात में शहरवासियों को हल्की ठंडक का अहसास हुआ। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार को हल्के बादल छाएंगे और दिन का तापमान सामान्य व रात का तापमान सामान्य से कम रहेगा।
मौसम विज्ञानी अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि आने वाले चार दिनों में पूर्वी प्रदेश के जिलों में न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आने की संभावना है। वातावरण पूरी तरह शुष्क रहने और हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी बने रहने से रात और सुबह की ठंडक में अभी और इजाफा होगा।
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
| भोपाल | 32.0 | 12.8 |
| इंदौर | 31.0 | 12.0 |
| ग्वालियर | 33.0 | 16.8 |
| जबलपुर | 32.0 | 13.5 |
नोट -- तापमान डिग्री सेल्सियस में
यह भी पढ़ें- MP Weather: सर्दी की गिरफ्त में प्रदेश के कई जिले, भोपाल-इंदौर में पारा लुढ़का, हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन