
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। अवैध ठेले हटाने पालदा पहुंची नगर निगम की रिमूवल टीम के काम में बाधा डालने पर भंवरकुआं पुलिस ने वार्ड 75 के कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में सहायक रिमूवल अधिकारी द्वारा शिकायत दर्ज करवाई गई थी। आरोप है कि कुणाल शासकीय वाहनों के आगे बैठ गए और ट्रक के पहिये की हवा निकाल दी।
टीआई संतोष दूधी के मुताबिक मामले में अंबिकापुरी निवासी विनीत तिवारी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। तिवारी के अनुसार रिमूवल टीम गुरुवार को आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ पालदा नाका (मेन रोड) पर अवैध तरीके से लगे ठेले हटाने पहुंची थी। सड़क पर यातायात बाधित कर रहे ठेले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टीम ने तीन ठेले जब्त किए।
इसी दौरान पार्षद कुणाल सोलंकी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारी का आरोप है कि उन्होंने निगम के सरकारी ट्रक (एचआर-69डी 5683) को रोककर जब्त ठेले और अन्य सामान वापस करने की मांग की। अधिकारी ने उन्हें कार्रवाई की प्रक्रिया समझाई लेकिन पार्षद और उनके साथियों ने वाहन को जाने नहीं दिया। इससे निगम कर्मचारियों के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
सहायक रिमूवल अधिकारी ने शिकायत में बताया कि ड्यूटी की व्यस्तता के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सके। रविवार को अपने साथ ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। अफसरों ने शासकीय वाहन की हवा निकालने का भी आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें- मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर भड़के सीएम मोहन यादव, बोले- राजनीति के लिए दिवंगत व्यक्तियों को घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण