
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : इंदौर में पहली बार पार्टी ड्रग के रूप में पहचानी जाने वाली ड्रग एक्सटेसी (एमडीएमए) पकड़ी गई है। डायरेक्टोरेट आफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) ने कार्रवाई की है। बीते दिनों की तरह इस बार भी ड्रग तस्करी के नेटवर्क का विदेशी कनेक्शन मिला।
खेप के साथ नाइजीरिया मूल की महिला पकड़ी गई है। डीआरआई ने सोमवार को तीन इमली बस स्टैंड के पास यह कार्रवाई की। निजी ट्रेवल एजेंसी की बस से महिला तस्कर पुणे के लिए रवाना हो रही थी। एक्सटेसी के साथ महिला के पास से तीन तरह की ड्रग पकड़ाई है। इसमें एम्फेटामाइन और गांजा भी शामिल है।
केंद्रीय खुफिया एजेंसी डीआरआई लगातार नशे की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। बीते दो महीनों में भोपाल, रतलाम से लेकर इंदौर और आसपास तमाम स्थानों पर डीआरआई की टीम ने एक के बाद एक सिंथेटिक ड्रग की खेप के साथ तस्करों को पकड़ा। दो महीने में ही पांच से ज्यादा मामले पकड़े जा चुके हैं।
डीआरआई को सूचना मिली थी कि इंदौर से पुणे की ओर ड्रग्स की बड़ी खेप भेजी जा रही है। इसके बाद इनपुट के आधार पर टीमों ने निगरानी की। तीन इमली पेट्रोल पंप के पास पर्पल बस सर्विस के स्टॉप से एक नाइजीरियन महिला को डीआरआई ने रोका। पूछताछ के साथ उसके सामान की तलाशी ली।
उसके पास रखे एक बैग के भीतर से अलग-अलग रंगों की टैबलेट्स, एक पॉलीथिन में से सफेद क्रिस्टल पावडर, और गांजा भी मिला। फिल्ड ड्रग टेस्टिंग किट से जांच की तो क्रिस्टल पावडर के एम्फेटामाइन और रंगीन टैबलेट के एक्सटेसी होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद डीआरआई ने मौके पर ही महिला को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। महिला के बैग से कुल 1120 ग्राम एम्फेटामाइन, 296 ग्राम एक्सटेसी की टैबलेट, 10 ग्राम हाइड्रोफोनिक वीड (गांजा) मिला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस नशे की खेप की कुल कीमत करीब 1.19 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
डीआरआई ने आगे की जांच भी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ड्रग्स को पुणे के तस्करों के पास भेजा जा रहा था। वहां से ये नाइट क्लबों और रेव पार्टियों में सप्लाय किया जाना था। एक्सेसी टैबलेट पर अलग-अलग ब्रांड के निशान बने थे। बताया जा रहा है कि ये निशान क्वालिटी और उसमें नशे के मिश्रण की पहचान कराने के लिए दिए गए कोड है।
नशा तस्करी करते पकड़ी गई नाइजीरियन महिला का नाम विक्ट्री चिनेडू है। बीते कई महीनों से वह गुरुग्राम में रह रही है। उसने नाम भी बदलकर फाहिमा रख लिया था। मूलत: रिवर्स स्टेट नाइजीरिया की महिला एक से दूसरे राज्य तक नशे की खेप पहुंचाती थी। उत्तर भारत के तस्करों के साथ उसके तार जुड़े हैं। डीआरआई अब महिला को ड्रग देने वाले तस्करों को पकड़ने में जुटा है। महिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।