
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। यात्रा के दौरान बस के गियर बॉक्स में खराबी आने पर बस संचालक ने परिवार को रात के समय सुनसान क्षेत्र में बीच सड़क पर रुकने को मजबूर कर दिया। परेशान परिवार को यात्रा बीच में छोड़कर टैक्सी से वापस लौटना पड़ा।
जिला उपभोक्ता आयोग ने इसे सेवा में कमी मानते हुए बस संचालक को आदेश दिया है कि वह परिवार को टिकट की राशि के साथ टैक्सी में खर्च हुई रकम भी लौटाए। इसके अलावा शारीरिक और मानसिक परेशानी के लिए मुआवजा और वाद व्यय का भुगतान भी करना होगा।
मामला एडवोकेट मुर्तुजा बोहरा का है। वे 3 सितंबर 2024 को कृष्णा बस सर्विस की बस से परिवार के साथ श्योपुर जा रहे थे। रात 12 से एक बजे के बीच देवास के करीब सुनसान जगह पर बस रुक गई। बस संचालक ने बताया कि सुबह 5 बजे दूसरी बस आएगी। तब तक यात्रियों को बस में ही इंतजार करना होगा।
एडवोकेट बोहरा ने बस संचालक को बताया कि उनके साथ 75 वर्षीय पिता और तीन साल का बच्चा भी है, लेकिन उसने असमर्थता जताते हुए कहा कि वह कुछ नहीं कर सकता। मजबूरी में बोहरा को परिवार के साथ टैक्सी से इंदौर लौटना पड़ा।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में बाल उगाने के इलाज में आंखें हुई भेंगी, बिना डिग्री के डर्मेटोलॉजिस्ट पर लगा 2.22 लाख का जुर्माना
जिला उपभोक्ता आयोग ने माना कि बस में तकनीकी खराबी आने के बाद यात्रियों के लिए उचित वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था नहीं करना सेवा में कमी की श्रेणी में आता है। आयोग ने बस संचालक को टिकट की राशि 3500 रुपये और टैक्सी का खर्च 5000 रुपये लौटाने के आदेश दिए। इसके साथ ही शारीरिक और मानसिक परेशानी के लिए 5000 रुपये और वाद व्यय के रूप में 3000 रुपये भी देने होंगे।