
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। विजय नगर में रविवार देर रात खुद को कमरे में बंद कर चाकू लेकर हंगामा कर रहे आरोपित ने पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया। आरोपित ने पुलिसकर्मी राजपाल सेंधव की पीठ पर चाकू से वार किया। घायल जवान को मेदांता अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने आरोपित जितेंद्र के खिलाफ पुलिसकर्मी पर हमला करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
विजय नगर पुलिस के अनुसार रविवार रात डायल-112 पर श्रीराम मंदिर विजयनगर से सूचना मिली थी। बीट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी राजपाल सेंधव मौके पर पहुंचे। वहां पता चला कि जितेंद्र (पिता सुरेंद्र रघुवंशी), जो मूल रूप से रायसेन का रहने वाला है, इंदौर में किराए से रहता है और उसने खुद को कमरे में बंद कर रखा है।
उसके हाथ में चाकू था और वह जोर-जोर से चिल्लाकर लोगों को भागने के लिए कह रहा था। पुलिसकर्मियों ने जितेंद्र को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया।
मौके पर मौजूद उसकी बहन पूजा ने भी उसे समझाया, लेकिन वह उसे भी चाकू से डराने लगा। पुलिसकर्मियों ने जितेंद्र को घेरकर पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी राजपाल सेंधव की पीठ पर चाकू से वार कर दिया। अन्य पुलिसकर्मियों ने आरोपित को पकड़ लिया और घायल राजपाल को मेदांता अस्पताल पहुंचाया।
यह भी पढ़ें- इंदौर में जल कनेक्शन कटवाना हुआ आसान... निगम की नई SOP जारी, बकाया राशि को लेकर नए नियम