
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए नया हॉस्टल बनाया जाएगा। इस हॉस्टल में 120 विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था होगी। अभी निर्माण शुरू होने में कुछ समय लग सकता है। इसकी मुख्य वजह शहर में बढ़ती पानी की किल्लत है।
कम बारिश के कारण शहर में जल नीति लागू की गई है। इससे निर्माण कार्य प्रभावित हुए हैं, क्योंकि प्रोजेक्ट में पानी की खपत और बर्बादी को नियंत्रित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी वजह से विश्वविद्यालय ने फिलहाल निर्माण कार्य की गति धीमी कर दी है।
हॉस्टल बनाने की दिशा में विश्वविद्यालय ने शुरुआती तैयारियां शुरू कर दी हैं। इन दिनों डिजाइन तैयार करवाने के लिए आर्किटेक्ट की तलाश की जा रही है। उसके बाद एजेंसी से भवन का डिजाइन और पूरा नक्शा बनवाया जाएगा। प्रस्तावित हॉस्टल तीन मंजिला होगा, जिसमें करीब 25 से 27 कमरे बनाए जाएंगे। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक मंजिल पर दो से तीन बाथरूम बनाए जाएंगे। इसके अलावा परिसर में खुली जगह भी छोड़ी जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को पर्याप्त सुविधा मिल सके।
डिजाइन और नक्शा तैयार होने के बाद विश्वविद्यालय निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी करेगा। फरवरी में टेंडर निकाले जाएंगे। फिर एजेंसी का चयन करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें दो से तीन महीने का समय लग सकता है। इसके बाद निर्माण शुरू करने को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। संभावना है कि जून में बारिश शुरू होने के बाद पानी की उपलब्धता को देखते हुए आगे का निर्णय लिया जाएगा।
इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण एजेंसी को 15 से 18 महीने के भीतर हॉस्टल तैयार करना होगा। नया हॉस्टल बनने से आईईटी के 120 विद्यार्थियों को परिसर में ही रहने की सुविधा मिल सकेगी। इससे बाहर रहने वाले विद्यार्थियों को भी काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- एमपी में शिक्षक पात्रता परीक्षा तैयारियां तेज; 33,834 टीचर होंगे शामिल, सीसीटीवी से होगी निगरानी
आईईटी से संचालित कोर्स और सीटें बढ़ गई हैं। इसे लेकर अब विद्यार्थियों में हॉस्टल की डिमांड अधिक रहती है। अभी चार बॉयज और एक गर्ल्स हॉस्टल बना है, जिसमें 545 छात्र-छात्राएं रहते हैं। विभाग ने छठा हॉस्टल बनाने का प्रस्ताव छह महीने पहले दिया था, जो सितंबर में कार्यपरिषद ने मंजूर कर दिया था।
विश्वविद्यालय के यांत्रिकी विभाग के प्रभारी डॉ. नागेंद्र सोहनी का कहना है कि हॉस्टल की डिजाइन के लिए आर्किटेक्ट की तलाश कर रहे हैं। कुछ एजेंसियों के प्रस्ताव आए हैं। अब विश्वविद्यालय प्रशासन को इनका चयन करना है। उसके बाद निर्माण कार्य को लेकर टेंडर निकालेंगे।