
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। दिल्ली में 5.5 लाख रुपये की ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में लिप्त चार आरोपितों को दिल्ली पुलिस ने इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र से पकड़ लिया है। लसूड़िया पुलिस के साथ की गई संयुक्त कार्रवाई में चारों आरोपितों को वीणा नगर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के कुछ सदस्य पुणे और अहमदाबाद में बैठकर भी साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
एसीपी पराग सैनी के अनुसार, इस मामले को लेकर दिल्ली के साउथ वेस्ट साइबर थाना की टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया था। दिल्ली पुलिस इस प्रकरण में मुख्य आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। फरार चल रहे अन्य आरोपितों की तलाश में दिल्ली पुलिस के एसआई चेतन राणा ने उनकी सटीक लोकेशन साझा की, जिसके बाद संयुक्त टीम बनाकर वीणा नगर में दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गौरव सिंह निवासी औरैया (उत्तर प्रदेश), विजय उर्फ व्योम उर्फ वरुण निवासी विदुर नगर (हवा बंगला), दिनेश कुमार दांगी निवासी मंदसौर और राज चौरसिया निवासी कुमेड़ी काकड़ को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी के मुताबिक, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस ने पुणे और अहमदाबाद में भी छापेमारी की है।
यह भी पढ़ें- अब 6 मिनट में चार्ज होंगे इलेक्ट्रिक वाहन, आइसर भोपाल के विज्ञानियों ने तैयार किया सोडियम-आयन बैटरी