
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। ग्यारसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मनोरा में मंगलवार सुबह जमीन जोतने को लेकर परिवार के ही सदस्यों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट और ट्रैक्टर से कुचलने की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विवाद करीब एक बीघा जमीन को लेकर होना बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान नीलेश रघुवंशी के रूप में हुई है, जबकि घायल का नाम खिलान सिंह है। नीलेश के भतीजे हर्ष रघुवंशी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने चाचा नीलेश रघुवंशी के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने पहुंचे थे। इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी वहां आ गए और जमीन जोतने से रोकने लगे। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
हर्ष के अनुसार, चार लोग ट्रैक्टर से मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने उनके बड़े ताऊ खिलान सिंह पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे वह घायल हो गए। वहीं, चाचा नीलेश के साथ लात-घूंसों से बुरी तरह मारपीट की गई। आरोपियों ने उन्हें ट्रैक्टर से धक्का भी मारा। मारपीट के दौरान नीलेश खेत में ही बेहोश हो गए।
यह भी पढ़ें- विदिशा में प्रिंसिपल ने बच्ची को उठाकर फेंका, धामनोद स्कूल की घटना का वीडियो वायरल
इसके बाद दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 40 वर्षीय नीलेश रघुवंशी को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ग्यारसपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि नीलेश के पिता नाथू सिंह रघुवंशी जगदीशपुरी मनोरा मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं।