
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : गरबा आयोजन के दौरान रास्ते में कुर्सियां लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। एमआईजी थाना क्षेत्र की कृष्णा बाग कॉलोनी में मंगलवार रात कहासुनी के बाद एक रिटायर्ड आर्मीकर्मी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से दो से तीन राउंड फायर कर दिए। एक गोली रक्षित नाम के युवक के पेट में लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब सवा 10 बजे कॉलोनी में गरबा आयोजन चल रहा था। गली के रास्ते में महिलाएं और बच्चे कुर्सियां लगाकर बैठे थे। इसी दौरान पास में रहने वाला केशव वहां से निकला तो रास्ते को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट होने लगी।
विवाद के बाद केशव ने अपने पिता नीरज को घटना की जानकारी दी। आरोप है कि नीरज लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर मौके पर पहुंचा और आक्रोश में फायरिंग कर दी। इस दौरान रक्षित के पेट में गोली लग गई। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
एमआईजी पुलिस ने नीरज और उसके बेटे केशव को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 यानी हत्या का प्रयास के तहत प्रकरण दर्ज किया है।