• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • शारदीय नवरात्रि
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • इंदौर

डीआरआई इंदौर ने भोपाल बस स्टैंड से पकड़ी सवा 7 करोड़ की मेथाम्फेटामाइन, ड्रग्स का ट्रांजिट रूट बने दोनों शहर

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने मंगलवार को भोपाल के अंतरराज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) से सिंथेटिक ड्रग मेथाएम्फेटामाइन की बड़ी खेप पकड़ी। डीआरआई इंद...और पढ़ें

By Lokesh SolankiEdited By: Ramnath Mutkule
Publish Date: Wed, 21 Oct 2026 09:06:21 AM (IST)Updated Date: Wed, 21 Oct 2026 09:06:21 AM (IST)
डीआरआई इंदौर ने भोपाल बस स्टैंड से पकड़ी सवा 7 करोड़ की मेथाम्फेटामाइन, ड्रग्स का ट्रांजिट रूट बने दोनों शहर
यात्री के पास से बरामद हुई ड्रग की खेप। -डीआरआई

HighLights

  1. सप्ताहभर में दूसरा मामला, इंदौर-भोपाल बने ड्रग्स के ट्रांजिट रूट
  2. सिंथेटिक ड्रग मेथाएम्फेटामाइन की बड़ी खेप पकड़ी
  3. 12 घंटे से ज्यादा की निगरानी के बाद इस ऑपरेशन को अंजाम दिया

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने मंगलवार को भोपाल के अंतरराज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) से सिंथेटिक ड्रग मेथाएम्फेटामाइन की बड़ी खेप पकड़ी। डीआरआई इंदौर के क्षेत्रीय कार्यालय ने 12 घंटे से ज्यादा की निगरानी के बाद मंगलवार तड़के इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

दिल्ली से बस में सवार होकर आ रहे एक यात्री के पास से कुल 9.139 किलोग्राम मेथाएम्फेटामाइन बरामद की। यात्री महाराष्ट्र की ओर से ड्रग्स की बड़ी खेप की डिलीवरी देने जा रहा था। सप्ताहभर में ही भोपाल बस स्टैंड पर डीआरआई की यह दूसरी कार्रवाई है।


यात्री के पास मौजूद ट्रॉली बैग में 11 संदिग्ध पैकेट बरामद हुए

खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई ने ड्रग्स बरामदगी की। डीआरआई के अधिकारियों ने बस में सवार यात्री को हिरासत में लिया और उसके पास मौजूद लगेज की तलाशी ली। यात्री के पास मौजूद ट्रॉली बैग में 11 संदिग्ध पैकेट बरामद हुए। प्लास्टिक के इन पैकेटों में सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ था।

मौके पर ही अधिकारियों ने इसकी जांच की। जांच में मेथाएम्फेटामाइन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में कुल 9.139 किलो मेथाएम्फेटामाइन जब्त हुआ है। इसकी कीमत करीब 7.32 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। सूत्रों के अनुसार एनसीआर क्षेत्र में किसी लैब में इस ड्रग्स को बनाकर सप्लाय किया जा रहा है। यात्री ड्रग तस्करी गिरोह में पैडलर का काम कर रहा था। डीआरआई की टीम पूछताछ और जांच कर सिंडिकेट तक पहुंचने में लगी है।

ड्रग बरामदगी का रिकॉर्ड

एक सप्ताह के भीतर ही डीआरआई भोपाल बस स्टैंड से 11 किलो से ज्यादा सिंथेटिक ड्रग बरामद कर चुका है। 14 अक्टूबर को आइएसबीटी से डीआरआई ने एक महिला यात्री के पास से 2.604 किलो एम्फेटामाइन पकड़ी थी। 30 सितंबर को उज्जैन के रास्ते पीछा कर इंदौर में कर्नाटक से आ रही एक थार गाड़ी में से 21 पैकेटों में 7.116 किलो एम्फेटामाइन बरामद की थी।

इससे पहले 25 सितंबर को भोपाल में रेलवे स्टेशन पर नाइजीरिया की महिला से 4.38 किलो एम्फेटामाइन बरामद की थी। लगातार नशीली दवा की बरामदगी से साबित हो रहा है कि इंदौर-भोपाल रूट सिंथेटिक ड्रग का ट्रांजिट रूट बन गया है। छह महीनों में डीआरआई भी लगातार तस्करों को पकड़ने में सफल रही है। एक महीने के भीतर 22 किलो से ज्यादा सिंथेटिक ड्रग की बरामदगी भी अपने आप में एक रिकार्ड है।

यह भी पढ़ें- सलवार सूट के पैकेटों में छिपाकर लाई जा रही 9 किलो ड्रग्स जब्त, DRI ने तस्कर को भोपाल ISBT पर पकड़ा