
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मल्हारगंज थाना क्षेत्र में नशे में धुत कार सवार युवकों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। 15वीं बटालियन के सामने सिग्नल पर खड़ी कार में तेज रफ्तार अर्टिगा ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। विरोध करने पर कार सवार बदमाशों ने पहले तो गाली-गलौज शुरू की। जब महिला ने उनकी हरकतों का वीडियो बनाना चाहा तो आरोपित उससे बदसलूकी और धक्का-मुक्की करने लगे।
यह देख बीचबचाव करने पहुंचे बाइक सवार युवकों को भी कार सवार नशेड़ी बदमाशों ने जमकर पीटा। मारपीट में एक युवक के कपड़े तक फाड़ दिए। पुलिस को सूचना देने पर आरोपित मौके से कार लेकर भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर कार चालक और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित आयुष गंगराड़े के अनुसार वह रात में अपनी मां और पत्नी के साथ मरीमाता की ओर जा रहा था। 15वीं बटालियन के सामने सिग्नल पर उसने अपनी कार रोकी थी। इसी दौरान अर्टिगा कार एमपी09 बीटी0772 का चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और उसकी कार एमपी09 सीजे4478 में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। आयुष और उसके परिजनों ने जब टक्कर का विरोध किया तो अर्टिगा सवार युवक नशे की हालत में उनसे विवाद करने लगे। आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान आयुष की पत्नी ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया तो बदमाशों ने उसके साथ भी बदसलूकी करते हुए धक्का-मुक्की की।
सड़क पर हंगामा देख आसपास मौजूद लोग भी जमा होने लगे। महिला के साथ बदसलूकी होते देख पास में खड़े बाइक सवार कुछ युवकों ने बीचबचाव करने की कोशिश की। इस पर आरोपित उनसे ही भिड़ गए और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने युवकों के साथ जमकर मारपीट की। एक युवक के कपड़े तक फाड़ दिए। आयुष ने तत्काल डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित अर्टिगा कार लेकर भाग गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद आयुष को थाने बुलाया, जहां उसकी शिकायत पर अर्टिगा चालक और उसके साथियों के खिलाफ दुर्घटना, मारपीट, धमकी और गाली-गलौज सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- वन विभाग नहीं आया तो दंपति ने खुद पकड़ा 4 फीट लंबा मगरमच्छ, फिर दफ्तर लेकर पहुंचे, हाथों में उठाकर सौंपा