
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मल्हारगंज थाना क्षेत्र में परिवार सहित लौट रहे इंजीनियर पर शराबी टूट पड़े। आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर दी। पत्नी ने वीडियो बनाया तो उसके साथ भी अभद्रता करने लगे। राहगिर बचाने आए तो उनके कपड़े फाड़ दिए और हाथाई करने लगे। पुलिस ने वीडियो बहुप्रसारित होने पर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
घटना विशेष सशस्त्र बल के आइजी आफिस के सामने की है। शेखर पार्क(नेहरु पार्क) निवासी 29 वर्षीय आयुष गंगराड़े ने रिपोर्ट लिखवाई है। पेशे से इंजीनियर आयुष पत्नी साक्षी और मां के साथ संगम नगर से लौट रहे थे। 15वीं बटालियन के सामने आयुष ने रेड सिग्नल पर कार रोक दी। पीछे से कार क्रमांक एमपी 09बीटी 0772 का चालक आया और आयुष की गाड़ी को टक्कर मार दी।
आयुष नीचे उतरा तो आरोपितों ने हाथापाई की। उसके साथ मारपीट करने लगे। राहगिर अभिषेक जायसवाल और यश मालवीय ने बचाने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट करने लगे। आरोपितों ने उनके कपड़े फाड़ डाले। विवाद के दौरान जाम की स्थिति बन गई।
आयुष ने डायल-112 पर काल लगाकर पुलिस बुलाई। इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ है। सोमवार देर रात पुलिस ने मामले में शिव कश्यप निवासी कुम्हारखाड़ी,महादेव चौहान निवासी कृष्णबाग कालोनी और राजकुमार यादव निवासी दोस्त नगर को गिरफ्तार कर आरोपितों की कार जब्त कर ली है।
यह भी पढ़ें- श्योपुर में आधा दर्जन लोगों का युवक पर हमला; पत्नी का बदला लेने के लिए लाठी-डंडों से पीटा; ग्वालियर रेफर
राऊ थाना क्षेत्र में भी कार सवारों ने एक युवक पर हमला कर दिया। उसकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। घटना सिल्वर स्टार सिटी(सिलिकान सिटी) की है। शशांक पुत्र गणेश यादव कार से घर लौट रहा था। कार क्रमांक एमपी 09जेडडी 4517 से आए चार युवकों ने उसके साथ मारपीट की और कार के कांच फोड़ डाले।