
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : अगर बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो उसे जल्द निपटा लें, क्योंकि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 सितंबर सोमवार से देशव्यापी बैंक हड़ताल रखी है। इसके चलते इंदौर जिले की 853 ब्रांच में बैंकिंग सेवाएं अगले तीन दिनों तक ठप रहेगी। मगर बैंक मुख्यालयों ने ग्राहकों को थोड़ी राहत जरूरी दी है।
पहली बार रविवार को बैंक खुले रहेंगे, जिसमें सामान्य दिनों की तरफ कामकाज किया जाएगा। इस दौरान बैंकों ने एटीएम में कैश रिफिल करने के निर्देश दिए है। ताकि अगले तीन दिन ग्राहकों को नगद राशि के लिए परेशान न हो पड़ा। उधर 28 से 30 सितंबर तक ब्रांच में बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह ठप रहेगी। इसके चलते जिले में 800 से 1000 करोड़ का लेन-देन प्रभावित होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
यूएफबीयू के आव्हान पर तीन दिवसीय हड़ताल रखी गई है। इसका बड़ा मुद्दा सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। साथ ही बैंक कर्मचारी और अधिकारी पेंशन योजना व बैंक पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ते की गणना का एक समान नियम लागू करने की मांग रखी है।
सरकार और बैंक प्रबंधन ने हड़ताल टालने के लिए काफी प्रयास किया, क्योंकि शनिवार-रविवार को छुट्टी और तीन दिनी हड़ताल के चलते लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेगी। इसे ग्राहकों को परेशानी होगी, लेकिन अभी तक बैंककर्मी संगठन ने हड़ताल स्थगित करने को लेकर कोई फैसला नहीं लिया है।
इसके चलते शनिवार को बैंक मुख्यालयों ने रविवार को ब्रांच खुली रखने के निर्देश दिए है। इस संबंध में ग्राहकों को एसएमएस और वाट्सअप पर संदेश भेजे गए है। यूएफबीयू के संयोजक मोहनकृष्ण शुक्ला का कहना है कि हड़ताल में दो हजार से ज्यादा बैंककर्मी शामिल होंगे।
हड़ताल का सबसे सीधा असर बैंक की ब्रांच में होने वाले काम पर पड़ेगा। कैश जमा-निकासी, चेक से जुड़े काम, ड्राफ्ट, खाता संबंधी काम, केवाईसी, लोन से जुड़े कई काम और अन्य काउंटर सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इसके लिए अब रविवार को ग्राहक बैंक से जुड़े काम निपटा सकते है।
इंदौर जिले में बैंकिंग कारोबार का आकार बड़ा है। तीन दिन हड़ताल रहने से 853 ब्रांचों पर कोई काम नहीं किया जाएगा। इसके चलते एक हजार करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हो सकता है। 30 सितंबर को बैंकिंग क्षेत्र का छमाही समापन भी होता है। ऐसे समय में बैंक शाखाओं में कामकाज का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रहता है। हड़ताल होने पर चेक क्लियरिंग, सेटलमेंट और दूसरे बैंकिंग कामों में देरी हो सकती है।
बैंकों की 27 सितंबर रविवार को ब्रांच खुली रहेगी। इसलिए ग्राहकों के लिए बेहतर होगा कि वे जरूरी नकद निकासी, चेक जमा, बैंक ड्राफ्ट, दस्तावेज जमा करने और अन्य शाखा संबंधी काम पहले ही पूरा कर लें। आरबीआई ने बैंक शाखाओं और एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट के संचालन की अनुमति दी है। -आशीष कटियार, लीड बैंक मैनेजर
इंदौर में संयोगितागंज (छावनी), लक्ष्मीबाई नगर कृषि उपज मंडी के साथ महू, सांवेर और देपालपुर में भी कृषि उपज मंडियों को हड़ताल के कारण बंद रखने की घोषणा कर दी गई है।
मंडी सचिव ओमप्रकाश खेड़े के अनुसार मंडी में उपज खरीद के बाद किसानों को दो लाख रुपये तक का नकद भुगतान हाथों हाथ करना होता है। बैंक बंद रहने से व्यापारियों के लिए सुगमता से नकदी प्रवाह बनाए रखना और भुगतान करना मुश्किल हो रहा था। इस संबंध में व्यापारियों ने समस्या बताई थी।
इसे देखते हुए सभी मंडियों को हड़ताल जारी रहने तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। अनाज व्यापारी संघ के अध्यक्ष मनोज काला के अनुसार किसानी मंडी बंद रहेगी लेकिन व्यापारी मंडी में सौदे होते रहेंगे।
यह भी पढ़ें- 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल : भोपाल के थोक व खुदरा व्यापारियों की बढ़ी चिंता; 12 हजार करोड़ के कारोबार पर संकट