
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : इंदौर में दशहरे पर मंगलवार को रावण के पुतले के दहन की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन मौसम रावण को जलने में मदद करेगा या उसके पुतले के भीगो देगा, यह सवाल सभी के मन में उठ रहा है। यह इसलिए कि इंदौर शहर में दो-तीन दिनों से बादल छाए हुए हैं और कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो रही है।
इंदौर में सोमवार सुबह धूप निकली, दोपहर में बादल छाए और शहर के अलग-अलग में कुछ देर के लिए हिस्सों में बारिश हुई। मंगलवार को इंदौर संभाग के जिलों में छिटपुट वर्षा होने की संभावना है।
भोपाल स्थित मौसम विज्ञानियों के मुताबिक एक ऊपरी हवा का चक्रवात दक्षिण राजस्थान व दूसरा उप्र पर बना हुआ है। वही एक द्रोणिका राजस्थान से अरब सागर तक जा रही है। इस वजह से अरब सागर से आ रही नमी के कारण शहर में छिटपुट वर्षा होगी।
सोमवार को बादल रहने के कारण दिन के तापमान सामान्य के आसपास रहा। अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। बादलों के कारण रात में गर्मी बढ़ रही है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो समान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
शहर में दो दिन से हो रही छिटपुट बारिश से मौसम का मिजाज बदला है और वातावरण में ठंडक घुल गई है। पिछले कुछ दिनों से जारी गर्मी और उमस से आम नागरिकों को राहत मिली है। इससे आमजन चैन की सांस ले रहे हैं। हालांकि इस बार बारिश के मौसम में शहर में बारिश का आंकड़ा औसत वर्षा से कहीं दूर रहा है। इसके चलते गर्मी में गंभीर जलसंकट छाने की आशंका बनी हुई है। अब आने वाले दिनों में गिरने वाले मावठे से ही कुछ उम्मीद है कि वह थोड़ी-बहुत पूर्ति कर दे, जिससे अवर्षा के संकट से निपटने में आसानी हो सके।
यह भी पढ़ें- CG Weather Update: दशहरा पर प्रदेश में बदलेगा मौसम रंग, अब सुबह और शाम होगी गुलाबी ठंड, कहीं-कहीं बारिश की संभावना