
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सड़क हादसे में जान गंवाने वाली महिला की आय की गणना करते समय अब केवल उसके व्यवसाय या नौकरी से होने वाली कमाई ही नहीं, बल्कि घर-परिवार संभालने और सदस्यों की देखभाल में दिए गए योगदान का भी आर्थिक मूल्य जोड़ा जाएगा। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने एक महत्वपूर्ण फैसले में व्यवसाय से 3.13 लाख रुपये वार्षिक कमाई करने वाली महिला की घरेलू सेवाओं का मूल्य भी 3.60 लाख रुपये सालाना माना है।
इस तरह अधिकरण ने महिला की कुल वार्षिक आय 6.73 लाख रुपये निर्धारित की और उसकी मृत्यु पर आश्रितों को 96 लाख 55 हजार 700 रुपये क्षतिपूर्ति देने का आदेश बीमा कंपनी को दिया। ब्याज सहित यह राशि एक करोड़ रुपये से अधिक होगी।
प्रकरण में महिला के स्वजन की ओर से अधिवक्ता राजेश खंडेलवाल ने पैरवी की। उन्होंने महिला की व्यावसायिक कमाई और पारिवारिक जिम्मेदारियों से जुड़े तथ्य अधिकरण के सामने रखे। मृतका अंजू जायसवाल दुर्घटना के समय व्यवसाय करती थीं। इसके साथ ही वे परिवार की देखभाल और घर की जिम्मेदारियां भी निभाती थीं। अधिकरण ने माना कि महिला का योगदान केवल उसकी व्यावसायिक कमाई तक सीमित नहीं था। घरेलू श्रम और परिवार की देखभाल का भी स्वतंत्र आर्थिक महत्व है।
अधिकरण ने महिला की वर्ष 2022 से 2024 तक की तीन वर्षों की औसत वार्षिक व्यावसायिक आय 3 लाख 13 हजार 116 रुपये मानी। इसके अलावा परिवार के संचालन, बच्चों के पालन-पोषण और अन्य घरेलू जिम्मेदारियों के लिए 30 हजार रुपये प्रतिमाह यानी 3 लाख 60 हजार रुपये वार्षिक का मूल्यांकन किया।
इस तरह दोनों आय को मिलाकर कुल वार्षिक आय 6 लाख 73 हजार 116 रुपये मानी गई। विभिन्न मदों को जोड़ते हुए कुल 96 लाख 55 हजार 700 रुपये प्रतिकर निर्धारित किया गया। इस राशि पर 18 अप्रैल 2024 से भुगतान होने तक छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में साबुन के अंदर निकला ब्लेड, बच्चे के गाल पर लगा कट; कंपनी पर ₹50,000 का जुर्माना
अधिकरण ने सुप्रीम कोर्ट के 11 जून 2026 को शिशुपाल उर्फ शिशराम एवं अन्य विरुद्ध सुरजीत एवं अन्य मामले में दिए गए फैसले के सिद्धांतों का पालन किया। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि नौकरी या व्यवसाय करने वाली महिला के मामले में भी उसकी व्यावसायिक आय के अलावा घरेलू सेवाओं के नुकसान का मूल्य जोड़ा जा सकता है।
यह भी पढ़ें- इलाज खर्च व दिव्यांगता के आधार पर बड़ा फैसला: घायल व्यापारी को 1.04 करोड़ मुआवजा देने का आदेश