
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शादी समारोह में शामिल होने आए वृद्ध 4 वर्षीय पौते के साथ रास्ता भटक गए। स्वजन ने बच्चे के अपहरण की आशंका जता दी। पुलिस ने दोनों के फोटो-वीडियो बहुप्रसारित किए और 12 घंटे की सतत सर्चिंग के बाद ढूंढ लिया। घटना पलासिया थाना क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी कालोनी की है। टीआइ सुरेंद्रसिंह रघुवंशी के अनुसार सिहोर निवासी प्रभुदयाल (वृद्ध) परिवार सहित शादी में आए थे।
दोपहर करीब 2 बजे पौते कृषु उर्फ हर्षल (4 साल) को घुमाने नगर निगम मार्केट की ओर ले गए थे। प्रभुदयाल की मनौस्थिति ठीक नहीं है। वापस लौटने का रास्ता भूल गए और दोनों पिपल्याहाना की तरफ निकल गए। कृषु की मां थाने पहुंची और अपहरण की आशंका जताई। स्वजन ने कहा बच्चा इतनी देर तक हाथ नहीं पकड़ सकता है। वह चंचल स्वभाव का है। उसका हाथ छूट गया होगा।
एसआइ जगदीश मालवीय के साथ टीम बनाई और होटल, धर्मशाला, दुकान, काम्पलेक्स, मंदिरों के सीसीटीवी फुटेज निकाले गए। पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो और फोटो वायरल किए और करीब 10 पुलिसकर्मियों को रवाना किया। रात करीब 2 बजे सूचना मिली कि दोनों आजाद नगर क्षेत्र में टहल रहे है। पुलिसकर्मियों ने रहवासियों की मदद से उन्हें ढूंढ लिया।
यह भी पढ़ें- MP बोर्ड की भारी चूक... 15 हजार छात्रों का भविष्य अधर में, नियमित छात्रों को अंकसूची में दिखा दिया प्राइवेट
टीआइ के अनुसार वृद्ध ने बताया घंटों तक घरों के बाहर बैठे रहे थे। घर ढूंढने के चक्कर में आगे निकल गए और रात हो गई। सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।