
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर ने पेंशनर्स की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब पेंशनर्स को अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डीएलसी) यानी जीवन प्रमाण पत्र अपडेट कराने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। पीएफ विभाग और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आइपीपीबी) के सहयोग से पंद्रह अक्टूबर से विशेष कैंप लगाया जा रहा है।
क्षेत्रीय आयुक्त-एक रमेश कुमार के निर्देश पर सहायक भविष्य निधि आयुक्त योगेंद्र विकल और आइपीपीबी के वरिष्ठ प्रबंधक नितिन पचौरी के बीच चर्चा हुई। इसके आधार पर यह कैंप लगाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पेंशनर्स को समय पर जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करने में मदद मिल सके। खासतौर पर दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्गों को इससे लाभ मिलेगा।
यह कैंप पीएफ कार्यालय परिसर में लगाया जाएगा, जहां पेंशनर्स अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवा सकेंगे। इसके अलावा प्रत्येक महीने की 27 तारीख को ‘निधि आपके निकट 2.0’ कैंप में इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। अधिकारियों के मुताबिक जरूरत पड़ने पर पेंशनर्स की मदद के लिए टीम घर भी जाएगी। पीएफ विभाग ने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट से संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष सहायता विंडो भी बनाई है।
यह भी पढ़ें- झोलाछाप के इलाज से मासूम की मौत... इंदौर में सील क्लीनिक खोलकर किया जा रहा था इलाज, FIR दर्ज