
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : जिला कलेक्टर बनकर रौब झाड़ते पकड़े गए हिमांशू पांचाल के पुराने कारनामे सामने आने के बाद पुलिस भी हैरान है। 29 वर्षीय हिमांशू पहले पुलिस सब इंस्पेक्टर (पीएसआई) बनकर 25 से ज्यादा महिलाओं को लाखों रुपये का चूना लगा चुका है।
इसके लिए उसने मैट्रिमोनियल और डेटिंग प्लेटफार्म को ही शिकार बनाने का जरिया बना रखा था। अब लसूड़िया पुलिस उसके पुराने ठगी के मामलों और देशभर में बनाए संपर्कों की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने एक पत्र जब्त किया है जो होटल प्रबंधन को प्रसंशा के लिए लिखा था।
एसीपी पराग सैनी के अनुसार गुजरात के अहमदाबाद स्थित केशवनगर निवासी हिमांशू को ओमेक्स सिटी की शुभा आंगन कालोनी से पकड़ा गया था। वह यहां खुद को ‘आईएएस राज सोनी’ बताकर रह रहा था। किराये के मकान के बाहर बाकायदा आइएएस राज सोनी की नेमप्लेट लगा रखी थी। पूछताछ में उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया।
पुलिस के अनुसार हिमांशू ने इसी साल मई में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच द्वारा दर्ज धोखाधड़ी के मामले में पकड़े जाने से पहले खुद को पीएसआइ बताया था। उसने ‘राकी पांचाल’ नाम से अलग-अलग मैट्रिमोनियल साइट और डेटिंग एप पर प्रोफाइल बनाए थे।
उसने एआई टूल्स की मदद से पुलिस की वर्दी में अपनी तस्वीरें तैयार कर प्रोफाइल पर लगाईं। प्रोफाइल में नियुक्ति पत्र, पुलिस आइडी कार्ड और कार्रवाई से जुड़ी तस्वीरें भी साझा करता था। इन्हें देखकर अलग-अलग राज्यों की महिलाएं उसे वास्तविक पुलिस अधिकारी समझकर प्रभावित होती थीं और उससे बातचीत शुरू कर देती थीं।
पुलिस के मुताबिक दोस्ती होने के बाद हिमांशू महिलाओं के सामने विभागीय कार्रवाई, आर्थिक परेशानी या किसी जरूरी काम का हवाला देकर रुपये मांगने लगता था। इस तरह उसने कई महिलाओं से रकम ऐंठी। अब पुलिस उसके मोबाइल, इंटरनेट मीडिया अकाउंट, बैंक लेन-देन और मैट्रिमोनियल-डेटिंग एप के संपर्कों की जांच कर रही है।
यानी पहले वर्दी पहनकर भरोसा जीता, फिर रिश्ते का झांसा देकर रकम बटोरी और अब आईएएस बनकर कलेक्टर का रुतबा दिखाने लगा। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ आगे बढ़ने पर उसके ठगी के मामलों की संख्या और भी बढ़ सकती है। एसीपी के अनुसार हिमांशू ने वाहन चालकों को स्थाई नियुक्ति का झांसा दिया था। वह उन्हें सितारा होटल में खाना खिलाने भी ले गया था। इस बहाने उनसे रुपये वसूलने का प्रयास कर रहा था।होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना कर दी और हिमांशू को दबोच लिया गया।
यह भी पढ़ें- CM डॉ. मोहन यादव ने लॉन्च किया 'जन विश्वास पोर्टल'; हर सोमवार कलेक्टरों को देनी होगी कामकाज की रिपोर्ट