
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बेटी से बातचीत को लेकर हुए विवाद में पिता और उसके बेटे पर चाकू से हमला करने वाले दो आरोपितों को सेशन कोर्ट ने सात-सात साल कारावास की सजा सुनाई है। सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार शर्मा ने यह फैसला सुनाया। आरोपितों के नाम जितेंद्र सोलंकी और बंटी लोहानिया हैं।
वारदात एक फरवरी 2024 की है। फरियादी हरप्रसाद का बेटा शेखर कोचिंग से लौट रहा था कि आरोपितों ने उसे रोका और जितेंद्र की बेटी सलोनी से बातचीत करने को लेकर विवाद किया। सूचना मिलते ही फरियादी और उसके घर वाले मौके पर पहुंचे। इस दौरान जितेंद्र और बंटी ने फरियादी और उसके बेटे पर चाकू से हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें- इंदौर के MYH में AI से फर्जीवाड़ा, नकली रसीदें बनाकर मरीजों से ऐंठ रहे थे रुपये, आउटसोर्स कर्मचारी बर्खास्त
एजीपी योगेश जायसवाल ने बताया कि कोर्ट ने जितेंद्र और बंटी को सात-सात साल का कारावास और पांच-पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। कोर्ट ने फरियादी हरप्रसाद को दो हजार और उसके बेटे को आठ हजार रुपये प्रतिकर देने का आदेश भी दिया है।