
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमवायएच में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से कथित तौर पर नकली रसीदें बनाकर मरीजों से पैसा ऐंठने के मामले में संबंधित आउटसोर्स कर्मचारी को हटा दिया गया है। दीपावली की छुट्टियों के दौरान अस्पताल के सीटी स्कैन, एमआरआई विभाग में आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा एआई से फर्जी रसीदें बनाकर मरीजों को दी जा रही थीं और उनसे नकद राशि ली जा रही थी।
रेडियोलॉजी विभाग के एक रेजिडेंट डॉक्टर की सतर्कता से पूरा मामला सामने आया। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई गई थी। जांच समिति ने फर्जी रसीदों से वसूली की पुष्टि की और इसके बाद आरोपित आउटसोर्स कर्मचारी को हटा दिया गया है।
यह भी पढ़ें- साइबर ठगी पर शिकंजा कसने की तैयारी, फर्जी सिम और संदिग्ध नंबरों पर थानों से रखी जाएगी नजर
जानकारी के मुताबिक सीटी स्कैन एमआरआई विभाग में बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी मौजूद हैं। आरोपित कर्मचारी ने हूबहू असली रसीद जैसी ही नकली रसीद एआई की मदद से तैयार कर ली थी। शुरुआती जांच में कुछ फर्जी रसीदें मिली हैं। आशंका है कि इस तरीके से लंबे वक्त से मरीजों से वसूली की जा रही हो।