
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बाईपास स्थित ढाबों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शुक्रवार को सघन निरीक्षण अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो ढाबों में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां सामने आईं।
टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों से पनीर, दाल, दही और मसालों सहित कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए हैं। बीते कुछ समय से खाद्य विभाग द्वारा शहर के होटल-रेस्टोरेंट्स का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। अनियमितता मिलने पर विभाग द्वारा सेंपल कलेक्ट कर कार्रवाई की जा रही है।
टीम ने ओमेक्स सिटी-1 के सामने माया खेड़ी स्थित एमएस जम्मू-कश्मीर ढाबे का निरीक्षण किया। यहां खाद्य पंजीयन प्रमाण-पत्र उचित स्थान पर प्रदर्शित नहीं मिला। पानी की जांच रिपोर्ट और खाद्य कर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं थे। निरीक्षण के दौरान कुछ कच्चे खाद्य पदार्थों के पैकेट खुले मिले। वॉश एरिया में पानी जमा था और जल निकासी की व्यवस्था भी उचित नहीं मिली। कर्मचारी कैप और एप्रन का उपयोग करते हुए नहीं पाए गए। टीम ने मौके से पनीर, तुअर दाल और मिक्स दाल के तीन नमूने लिए।
बायपास स्थित गिल दा ढाबा-2 के निरीक्षण में भी कई कमियां सामने आईं। यहां किचन में गंदगी और स्टोर रुम अव्यवस्थित मिला। फर्श गंदा और टूटा था। रसोई के एग्जॉस्ट और दीवारों पर तेल व चिकनाई की परत मिली। निरीक्षण के दौरान वेज और नानवेज फूड एक ही फ्रीजर में रखे पाए गए।
डस्टबिन खुले थे और सफाई व जल निकासी की सही व्यवस्था नहीं थी। टीम ने गिल दा ढाबा-2 से पनीर, दही, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, ग्रीन चिली सॉस, रेड चिली सॉस और सोयाबीन सॉस के आठ नमूने लिए। दोनों ढाबों से लिए गए सभी 11 नमूनों को जांच के लिए भोपाल भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें- बीजापुर में होटल-ढाबों पर प्रशासन का छापा, घरेलू गैस सिलेंडर के कमर्शियल इस्तेमाल पर लगी रोक