
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पंढरीनाथ पुलिस ने इंस्टाग्राम आइडी 'कृषि क्रांति' के एडमिन के खिलाफ बीएनएस और आइटी एक्ट के तहत एफआइआर दर्ज की है। एडमिन पर कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बदनाम करने के लिए एआइ से वीडियो तैयार कर इंटरनेट मीडिया पर अपलोड करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, उप संचालक कृषि (डीडीए), किसान कल्याण तथा कृषि विकास संदीप कुमार यादव और सहायक संचालक विजय जाट ने 'कृषि क्रांति' आइडी के एडमिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से इंस्टाग्राम और फेसबुक पर आरोपित आईडी के संचालक की ओर से कृषि विभाग, शासकीय कर्मचारियों, अधिकारियों और कार्यालयों से जुड़े एआइ से तैयार वीडियो अपलोड किए जा रहे हैं। इन वीडियो के माध्यम से उनकी सामाजिक, व्यक्तिगत और व्यावसायिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
अधिकारियों ने आवेदन में स्पष्ट किया कि उनके चेहरे और अन्य विशिष्ट पहचान संबंधी विशेषताओं का कपटपूर्ण तरीके से उपयोग किया जा रहा है, जो आइटी एक्ट के तहत अपराध की श्रेणी में आता है। मामले में संबंधित आइडी, आइपी एड्रेस और यूआरएल की जांच करने की मांग भी की गई थी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर का डिजिटल ब्लैकमेलिंग मकड़जाल, AI से अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर बदनामी, टेलीग्राम से चल रहा नेटवर्क
पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद मंगलवार को एडमिन के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली। इंटरनेट मीडिया पर कृषि विभाग में कथित गड़बड़ियों को लेकर टिप्पणियां की जा रही थीं। इनमें एक विशेष कंपनी को फायदा पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया था। संबंधित कंपनी ने भी एडमिन के खिलाफ दावा किया है।