
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर के व्यस्त भंवरकुआं चौराहा इलाके में स्थित विशालाक्षी गर्ल्स हॉस्टल की इमारत में शनिवार शाम अचानक आग भड़कने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठती देख परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त हॉस्टल के भीतर ठहरी हुई लगभग 50 छात्राओं को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आगजनी की यह घटना भवन की चौथी मंजिल पर गैलरी में लगे एडवरटाइजिंग साइन बोर्ड और वहां रखी वॉशिंग मशीन में शुरू हुई। लपटों की चपेट में आने से आसपास रखे कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी जलकर खाक हो गए। धुआं और आग फैलने की भनक लगते ही तत्परता दिखाते हुए सभी छात्राओं को इमारत के पिछले हिस्से के रास्ते से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एसआई (फायर) एसएन दुबे के मुताबिक आग सुनील शरद जैन के हॉस्टल (विशालाक्षी) की चौथी मंजिल पर लगी थी। आग की लपटें देखकर लोग डर गए और तत्काल सूचना देकर हॉस्टल खाली करवाया गया। एसआई के अनुसार आग साइन बोर्ड से शुरू हुई थी, जिसकी चपेट में आने से वॉशिंग मशीन और कपड़े जल चुके थे। फायरकर्मियों ने करीब 5 हजार लीटर पानी डालकर आग पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया।
यह भी पढ़ें- चॉकलेट का लालच देकर 5 साल की मासूम से दुष्कर्म, कोर्ट ने सुनाई अंतिम सांस तक उम्रकैद, देने होंगे ₹6 लाख