
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के निलंबित प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान की संपत्तियों का ब्योरा लगातार बढ़ रहा है। लोकायुक्त को अब देवास के राजोदा में 1.15 हेक्टेयर कृषि भूमि के दस्तावेज हाथ लगे है। यह जमीन फिरोज की महिला मित्र रोशनी वर्मा और परिचित रानू कुशवाह के नाम पर खरीदी गई थी। इसकी रजिस्ट्री कीमत करीब 1.65 करोड़ रुपये है। लोकायुक्त ने बाजार मूल्य लगभग 2.30 करोड़ रुपये आंका है।
नई जानकारी के साथ लोकायुक्त की जांच में अब तक फिरोज खान और उससे जुड़े लोगों की कुल 51 अचल संपत्तियों का पता चला है। इनकी गाइडलाइन के अनुसार खरीद कीमत करीब 19.94 करोड़ रुपये और अनुमानित वर्तमान बाजार कीमत 68.01 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। चल-अचल संपत्तियों का कुल मूल्य 21.65 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
लोकायुक्त के एसपी डॉ. राजेश सहाय के अनुसार राजोदा(देवास) में पहले सामने आई कृषि भूमि के अतिरिक्त 11 जून 2024 को पटवारी हल्का नंबर 68 में 1.15 हेक्टेयर जमीन खरीदे जाने का विवरण मिला है। दस्तावेजों में जमीन रोशनी वर्मा और रानू कुशवाह के नाम पर दर्ज है।
इसकी रजिस्ट्री में कीमत 1 करोड़ 65 लाख 2 हजार 498 रुपये बताई गई है। बाजार भाव से इसका मूल्य करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये आंका गया है। आश्चर्य की बात यह कि जमीन खरीदी में कुछ भुगतान फिरोज खान ने अपनी मां वहीदा के खाते से किया है और इसका रजिस्ट्री में बाकायदा उल्लेख भी किया गया है।
यह भी पढ़ें- महाकाल मंदिर में 27 अक्टूबर से बदलेगा आरतियों का समय, बालभोग, भोग और संध्या आरती के समय में परिवर्तन
लोकायुक्त ने 14 अक्टूबर को फिरोज खान के विभिन्न आवासों और अन्य ठिकानों पर सर्च कार्रवाई की थी। इसके बाद से संपत्तियों के दस्तावेज, रजिस्ट्री और खरीद के स्रोतों की पड़ताल की जा रही है। जांच में फिरोज खान के साथ अन्य लोगों के नाम पर दर्ज संपत्तियों का ब्योरा भी सामने आ रहा है।
एसपी के अनुसार फिरोज खान संगठित गिरोह के रुप में विवादित जमीनों की खरीद फरोख्त में लगा था। उसने पारिवारिक कलह का फायदा उठाया और किसानों की जमीनों का औने पौने दामों में सौदा कर लिया। इसमें फिरोज खान के अलावा कईं पुलिसकर्मियों के शामिल होने का अंदेशा है।