
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) में प्रधान आरक्षक (चालक) फिरोज खान की संपत्तियों की जांच में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। लोकायुक्त पुलिस द्वारा की सर्च कार्रवाई में पहले दिन फिरोज की 33 अचल संपत्तियों का ब्योरा सामने आया था। दो दिन बाद यह आंकड़ा बढ़कर 38 पर पहुंच गया हैं। संपत्तियों का अनुमानित बाजार मूल्य भी 30 करोड़ रुपये से बढ़कर 35.46 करोड़ रुपये हो गया हैं। परिचित और महिला मित्र के नाम भी सामने आ रहे हैं।
एसपी (लोकायुक्त) डा.राजेश सहाय के अनुसार आरोपित फिरोज खान के ठिकानों पर 14 अक्टूबर को लोकायुक्त ने सर्च कार्रवाई की थी। इसके बाद से टीम राजस्व,रजिस्ट्रार,नगर निगम सहित अलग-अलग विभागों से दस्तावेज और जानकारी जुटा रही हैं। शुक्रवार तक की जांच में फिरोज खान,उसके परिवार, सहयोगियों और फर्म के नाम पर कुल 38 अचल संपत्तियां खरीदने की जानकारी सामने आई हैं। इनकी सरकारी गाइडलाइन के हिसाब से कीमत 12.97 करोड़ रुपये, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य 35.46 करोड़ रुपये हैं।
डीएसपी सुनील तालान के अनुसार जांच के दौरान देवास के राजोदा में रोशनी वर्मा के नाम पर 1.15 हेक्टेयर कृषि भूमि का रिकॉर्ड मिला है। रजिस्ट्री में इसकी कीमत 62.46 लाख रुपये दर्ज हैं। देवास की शक्ति नगर कॉलोनी में साहिल ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर 1,250 वर्गफीट का प्लॉट भी मिला, जिसकी रजिस्ट्री कीमत 6.16 लाख रुपये हैं।
इसके अलावा देवास की शालीमार कालोनी में नफीस खान के नाम पर 40.5 वर्गमीटर का प्लाट और ग्राम लोहाना में रानु कुशवाह के नाम पर 0.305 हेक्टेयर कृषि भूमि की जानकारी मिलीं हैं। इन दोनों संपत्तियों की रजिस्ट्री कीमत क्रमशः 2.50 लाख और 7.49 लाख रुपये बताई गई हैं।
लोकायुक्त इन संपत्तियों के खरीद दस्तावेजों और भुगतान के स्रोत की पड़ताल पर रही हैं। डीएसपी के अनुसार, अब तक सामने आईं 38 अचल संपत्तियों की गाइडलाइन कीमत 12 करोड़ 97 लाख 5 हजार 901 रुपये और बाजार कीमत 35 करोड़ 46 लाख 46 हजार 768 रुपये आंकी गई हैं।
जांच में शामिल अफसरों के अनुसार सांवेर रोड की एक जमीन का दस्तावेज भी हाथ लगा हैं। करीब 9 करोड़ रुपये कीमती इस जमीन का सौदा श्याम इन्फ्रा के नाम से हुआ हैं और इसमें फिरोज खान गवाह हैं। सौदा करने वाली एक महिला की मृत्यु होने के कारण मामला राजस्व विभाग में लंबित हैं। शक हैं फिरोज ने रसूख के दम पर जमीन औने पौने दाम पर खरीदी हैं। मामले में फिरोज के करीबी रविकांत और सुमित जांच की जद में हैं।
यह भी पढ़ें- CBI ने भोपाल CGST सुपरिटेंडेंट को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा; घरों की तलाशी में मिले 72.50 लाख नकद