
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बीच सड़क पर बाइक से स्टंटबाजी करने वाले पांच युवक गिरफ्तार हुए हैं। खुद को मिर्जापुर गैंग बताने वाले पांचों युवक फिल्मी डायलॉग के साथ स्टंट कर रील बना रहे थे। पुलिस ने गिरफ्तार किया तो गिड़गिड़ाने लगे और घुटनों पर चलकर माफी भी मांगी। भविष्य में स्टंटबाजी न करने और दूसरों की जान जोखिम में न डालने की शपथ ली।
खजराना टीआई केपी यादव के मुताबिक इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो बहुप्रसारित हो रहा था। बाइक का काफिला लेकर निकले और स्टंट करने लगे। रील में माफिया लिखा था और फिल्म मिर्जापुर का डायलॉग डाला गया था। पुलिस ने वीडियो और गाड़ी नंबर के आधार पर सभी की पहचान की और रात में ही जवान घर जा पहुंचे।
टीआई के अनुसार आरोपित अरशद अहमद निवासी हाथीपाला (रावजी बाजार), कुणाल यादव निवासी लाभम ग्रीन द्वारकापुरी, याहया फारुखी निवासी मदीना नगर, सरफराज खान निवासी आजाद नगर और शाहनवाज निवासी मदीना नगर आजाद नगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा में केस दर्ज किया है। आरोपितों ने थाने में माफी मांगी और कैमरे के सामने कान पकड़कर माफी मांगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में 50 लाख के लिए पिता-बहन का कत्ल... 5 मिनट के CCTV में कैद वारदात, कमरे में गूंजीं बहन की चीखें